बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार डॉ. नुसरत परवीन का हिजाब हटाने को लेकर मचे विवाद के बाद अब स्थिति सामान्य होती नजर आ रही है. डॉ. नुसरत परवीन के परिवार ने स्पष्ट कर दिया है कि वह शनिवार 20 दिसंबर को पटना सदर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में अपनी ड्यूटी ज्वाइन करेंगी. परिवार ने मुख्यमंत्री से किसी तरह की नाराजगी होने की बात से भी इनकार किया है.
राजकीय तिब्बी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. महफजुर रहमान ने बताया कि डॉ. नुसरत ने स्पष्ट कर दिया है कि वह 20 दिसंबर की सुबह ड्यूटी ज्वाइन करेंगी. मामले को बेवजह तूल दिए जाने से नुसरत मानसिक रूप से थोड़ा परेशान है.
दरअसल, 15 दिसंबर को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित एक कार्यक्रम में 1283 आयुष चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए थे. मुख्यमंत्री ने 10 चिकित्सकों को पत्र दिए जिनमें डॉ. नुसरत परवीन भी शामिल थीं. पत्र वितरण के दौरान हुई एक घटना ने बड़ा रूप ले लिया. जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने डॉ. नुसरत के चेहरे से हिजाब हटाने का प्रयास किया.
विवाद बढ़ता देख मुख्यमंत्री आवास से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे डॉ. नुसरत से संपर्क करके जल्द से जल्द ड्यूटी ज्वाइन करने के लिए कहें. इन सब के बीच डॉक्टर नुसरत के पति ने कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री से कोई नाराजगी नहीं है और यह मामला अनावश्यक रूप से बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है.










