मथुरा: यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया. घने कोहरे की वजह से 7 बसें और 3 कारों की टक्कर हो गई. इससे गाड़ियों में भयंकर आग लग गई. हादसे में 6 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई है. जबकि 25 से ज्यादा लोग घायल हैं.

यह हादसा मथुरा जिले के बलदेव थाना क्षेत्र में माइलस्टोन नंबर 127 के पास हुआ है. घने कोहरे की वजह से 7 बसें और 3 कारें आपस में टकरा गईं. इसके बाद गाड़ियों में भयंकर आग लग गई. बसें धूं-धूं कर जलने लगीं. हादसे की सूचना पर जिले के आलाधिकारी, फायर ब्रिगेड, पुलिस टीमें मौके पर पहुंची.
सीएम योगी ने लिया मामले का संज्ञान: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद मथुरा में हुए सड़क हादसे का संज्ञान लिया है. सीएम योगी ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश हैं.
मुख्यमंत्री योगी ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है.
घटना की सूचना पर अधिकारियों और फायर ब्रिगेड द्वारा आग पर काबू पाया गया. राहत और बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है. अब तक 6 की मौत की पुष्टि हुई है. घायलों में कोई गंभीर नहीं है. मौके पर जले हुए वाहनों को हटवा दिया गया है.
बैरिकेडिंग कराकर एक्सप्रेसवे पर यातायात शुरू करा दिया गया है. प्रथम दृष्टया हादसे की वजह घना कोहरा लग रहा है. कम विजिबिलिटी की वजह से 7 बसें और 3 गाड़ियों की टक्कर हुई, जिससे आग लगी और यह हादसा हो गया.










