गोवा के ‘बर्च बाय रोमियो लेन‘ नाइटक्लब में आग लगने के मामले में नाइट क्लब के मालिक सौरभ और गौरव लूथरा को थाइलैंड में हिरासत में ले लिया गया है. अधिकारियों ने खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्हें भारत लाने की प्रक्रिया जारी है.
वहीं, इससे पहले भारत के विदेश मंत्रालय ने दोनों भगोड़े भाइयों के पासपोर्ट भी रद्द कर दिए हैं. नाइट क्लब में आग लगने के फौरन बाद दोनो भाई सौरभ और गौरव लूथरा थाइलैंड के फुकेट भाग गए थे. वहीं, से दोनों को हिरासत में लिया गया है.
नाइट क्लब के मालिक लूथरा भाइयों के खिलाफ इंटरपोल ने पहले ही लुकआउट नोटिस जारी कर दिया था, जिसके बाद यह खबर सामने आई है. दोनों भाइयों ने दिल्ली के एक कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका भी दायर की थी, जिसें कोर्ट ने खारिज कर दिया.
शनिवार 6 दिसंबर को गोवा के अरपोरा स्थित बर्च बाय रोमिया नाइट क्लब में अचानक आग लगने से करीब 25 लोगों की जलकर मौत हो गई थी और कई अन्य गंभीर रूप से घायल भी हुए थे. मामले को बढ़ता देख दोनों भाइयों को आरोपी बनाया गया था. गोवा के सीएम प्रमोद सावंत ने इस हादसे पर फौरन एक्शन लिया और उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए. जिसके बाद जिला प्रशासन ने बर्च बाय रोमियो लेन नाइट क्लब पर बुलडोजर चलाने की भी कार्रवाई की.










