नई दिल्ली : कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने शुक्रवार को परोक्ष रूप से भाजपा पर हमला बोला. उन्होंने दावा किया कि देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को बदनाम करने के ‘प्रोजेक्ट’ को आगे बढ़ाया जा रहा है और वर्तमान सरकार का मुख्य उद्देश्य भी यही है.
उन्होंने उक्त बातें यहां जवाहर भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में कहीं. उन्होंने कहा कि इस ‘प्रोजेक्ट’ का सामूहिक रूप से मुकाबला करना होगा. सोनिया गांधी ने आधुनिक भारत के निर्माण में पंडित नेहरू के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि आज न सिर्फ उनके व्यक्तित्व एवं उनके योगदान को कम करने का प्रयास हो रहा है, बल्कि उनकी बहुआयामी विरासत को भी कमजोर करने की कोशिश की जा रही है.
कांग्रेस नेता ने कहा कि किसी व्यक्तित्व एवं उसके योगदान का विश्लेषण अलग विषय है, लेकिन जबरन की जाने वाली शरारत अलग बात है. गांधी का कहना था, ‘‘यह पूरी तरह अस्वीकार्य है.’’
उन्होंने कहा, ‘‘वो कौन सी ताकतें हैं जो इस प्रोजेक्ट को शुरू कर रही हैं. इन लोगों ने वर्षों से काम किया है. उनका संबंध उस विचारधारा से है जिनका स्वतंत्रता संग्राम और संविधान निर्माण में कोई योगदान ही नहीं है.”
सोनिया गांधी ने दावा किया कि इस विचारधारा ने सालों पहले ऐसा माहौल बनाया जिसकी परिणति महात्मा गांधी की हत्या के रूप में हुई. कांग्रेस नेता ने कहा कि इस विचारधारा को मानने वालों के द्वारा आज भी महात्मा गांधी के हत्यारे का महिमामंडन किया जाता है.
सोनिया गांधी ने कहा, ‘‘इसमें कोई संदेह नहीं होना चाहिए कि नेहरू को बदनाम करना वर्तमान सरकार का मुख्य मकसद है. इनका उद्देश्य महज नेहरू का नाम मिटाना ही नहीं, बल्कि सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक बुनियाद को समाप्त करना है जिस पर इस देश का निर्माण हुआ है.’’
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि आज इसके अलावा कोई विकल्प ही नहीं है कि सामूहिक रूप से इस ‘प्रोजेक्ट’ का मुकाबला किया जाए. उन्होंने कहा कि दुष्प्रचार के दौर में तर्कों को आगे बढ़ाना होगा और आधुनिक सोच वाला भारत बनाना होगा.










