रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू को लेकर एक बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि जवाहर लाल नेहरू सरकारी पैसे से बाबरी मस्जिद का निर्माण करना चाहते थे, लेकिन तत्कालीन गृह मंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल ने उनके इस विचार का विरोध किया. उन्होंने ऐसा इसलिए किया क्योंकि वे एक सच्चे सेक्यूलर विचारधारा वाले इंसान थे.
राजनाथ सिंह ने गुजरात के वडोदरा में आयोजित हुई ‘सरदार सभा’ में भारत के पहले गृह मंत्री को याद करते हुए यह बातें कहीं. उन्होंने आगे कहा कि सरदार पटेल ने समुदायों को खुश करने की कभी कोशिश नहीं की, जबकि नेहरू ने गिर सोमनाथ जिले में सोमनाथ मंदिर के फिर से बनने पर सवाल उठाया था.
राजनाथ सिंह ने आगे कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल सच में सेक्युलर थे. उन्होंने कभी तुष्टीकरण में विश्वास नहीं किया. जब जवाहरलाल नेहरू ने सरकारी पैसे से बाबरी मस्जिद मुद्दे की बात कही, तो इसका विरोध सरदार वल्लभभाई पटेल ही ने किया. उन्होंने सरकारी पैसे से बाबरी मस्जिद नहीं बनने दी. रक्षा मंत्री ने कहा कि पहले गिर सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के बीच समानताएं बताई गई थीं, लेकिन पटेल ने दोनों मामलों के बीच समानताओं को खारिज कर दिया, और इस बात पर जोर दिया कि सोमनाथ मंदिर सरकारी पैसे के बजाय दान से फिर से बनाया गया था.










