पटना के गांधी मैदान में नीतीश कुमार दसवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं. इस ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह, कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और ग्यारह भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे. साथ ही एनडीए गठबंधन के अन्य प्रमुख नेताओं की मौजूदगी भी होगी. इस समारोह में बिहार के शक्ति प्रदर्शन और सुशासन के वादे को मजबूती मिलेगी.
बीती रात गृहमंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा दिल्ली से पटना पहुंच गए और वहां मंत्रीमंडल की अंतिम सूची पर विचार करने के लिए बैठक की. इस बैठक में जेडीयू और लोक जनशक्ति पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद थे. बैठक में मंत्रिमंडल के सहयोगी और सदस्यों की संभावित सूची पर मंथन किया गया. इस बार जेडीयू से केवल एक एमएलसी अशोक चौधरी को संभावित मंत्री माना जा रहा है, जो नीतीश कुमार के करीबी हैं.
नितीश कुमार आज गांधी मैदान में अपनी रिकॉर्ड 10वीं बार शपथ लेने वाले हैं, और उनके साथ करीब 20 मंत्रियों का नया मंत्रिमंडल भी गठित होगा। जेडीयू के वरिष्ठ नेताओं को मंत्रिमंडल में शामिल करने को लेकर अंतिम दौर की चर्चाओं में तेजी आ गई है. नेता विजेंद्र यादव को मंत्री पद की शपथ लेने का फोन आ चुका है, और वे आज ही शपथ ग्रहण करेंगे। इसी तरह, विजय कुमार चौधरी को भी फोन आया है, श्रवण कुमार को भी शपथ का न्योता मिल चुका है, जबकि जमा खान को भी मंत्रिमंडल में शामिल होने का फोन आ गया है. ये सभी नेता आज 11:30 बजे होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बिहार में NDA सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए पटना पहुंचे चुके हैं।










