देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में तीन दिवसीय लिटरेचर फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है. लिटरेचर फेस्टिवल के पहले दिन पूर्व चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़, जया किशोरी समेत कई चर्चित हस्तियां शामिल हुई. दूसरे दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी फेस्टिवल में शामिल हुए. इस दौरान सीएम धामी ने वेणु अग्रहरी ढ़ींगरा की लिखित पुस्तक लीडिंग लेडीज ऑफ इण्डिया पुस्तक का विमोचन किया.
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि साहित्य भावनाओं, विचारों और अनुभवों को व्यक्त करने का सशक्त जरिया है. सामाजिक और सांस्कृतिक जागरूकता में भी साहित्य की महत्वपूर्ण भूमिका होती है. सीएम ने कहा लीडिंग लेडीज ऑफ इण्डिया पुस्तक पाठकों विशेष रूप से महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी. महिला सशक्तीकरण के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही हैं. राज्य में महिला स्वयं सहायता समूहों की ओर से बनाये जा रहे उत्पादों की मांग लगातार बढ़ रही है. महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में राज्य सरकार तमाम योजनाएं चला रही हैं. ऐसे में समाज के समग्र विकास के लिए महिलाओं का सशक्त होना जरूरी है. आज बेटियां हर क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रही हैं.
सीएम धामी ने कहा उत्तराखंड की आत्मा उसकी संस्कृति में बसती है. यहां की संस्कृति और परंपराओं को संजोये रखने की दिशा में भी सरकार लगातार काम कर रही है. पिछले दो सालों से राज्य में प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है. जिसका मुख्य उद्देश्य लोगों को अपनी जड़ों से जोड़े रखना है. प्रवासी सम्मेलन के आयोजन के बाद से अनेक प्रवासियों ने अपने मूल गांवों के विकास के साथ ही प्रदेश के विकास के सहयोगी बनने की इच्छा जताई है.
कार्यक्रम के बाद सीएम धामी ने कहा देवभूमि उत्तराखंड, साहित्य एवं संस्कृति का ऊर्जा एवं उर्वरा भूमि है. जहां पर महादेवी वर्मा से लेकर रवींद्रनाथ टैगोर समेत तमाम साहित्यकारों, कवियों ने अपने लेखन किए हैं. ऐसे में देहरादून में आयोजित लिटरेचर फेस्टिवल, नवोदित उदयमान जो साहित्य और संस्कृति के क्षेत्र में काम करने वाले हैं. उनके लिए प्रेरणा का कारण बनेगा, साथ ही उनको आगे बढ़ाने के लिए अवसर और मार्गदर्शन का काम करेगा.









