बिहार चुनाव 2025 के दूसरे चरण की आज वोटिंग हो रही है. दूसरे चरण में 20 जिलों के 122 सीटों के लिए मतदान हो रहा है. मतदान केंद्र पर सुबह 7 बजे से वोटिंग करने के लिए मतदाताओं की भीड़ उमड़ रही है. पहले चरण में बिहार में 121 सीटों पर 64.46 प्रतिशत तक मतदान हुआ. इसबार बिहार में एनडीए और महागठबंध के बीच मुकाबला है, दूसरे चरण में कुल 1302 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होना है. इसमें पुरुष 1165 और 136 महिला प्रत्याशी मैदान में हैं. 14 नवंबर को सभी 243 सीटों के लिए वोटों की गिनती की जाएगी.
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने मंदिर में पूजा-अर्चना की. जायसवाल ने कहा, “आज अंतिम चरण का मतदान हो रहा है. सुबह से करीब-करीब NDA के सभी उम्मीदवारों से बात करने का मौका मिला. चारों तरफ बहुत अच्छा माहौल है. सभी बूथों पर लंबी लाइन लग गई है. मैं मतदाताओं से अपील करूंगा कि अपना मतदान अवश्य करें.”
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के मतदान पर कहा कि “लोगों से मेरी दिल से अपील है जिस प्रकार से आप लोगों ने 6 तारीख को मतदान किया, आज उससे भी ज्यादा मतदान करें. NDA के पक्ष में मतदान करें. आज सड़कें अच्छी बन गई हैं, बिजली 24 घंटे आ रही है. अस्पताल में दवाइयां हैं, नहीं तो पहले जानवर बैठते थे. इससे अ्च्छी सरकार नहीं हो सकती है. हम जनता से अपील करते हैं कि खूब वोट दें और NDA के पक्ष में वोट दें.”
आरजेडी नेता मृत्युंजय तिवारी ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के मतदान पर कहा, “बिहार में दूसरे चरण का मतदान आज हो रहा है. जिस तरह से प्रथम चरण के मतदान में बिहार की जनता ने बढ़-चढ़कर मतदान किया, दूसरे चरण में भी जनता के बीच वही उत्साह देखा जा रहा है. जो बिहार में बदलाव और बिहार का भविष्य बनाने के लिए मतदान करने निकले हैं उन्हें हम सलाम करते हैं. बिहार में परिवर्तन की लहर है. दूसरे चरण के मतदान में भी अपार जनसमर्थन तेजस्वी यादव और महागठबंधन की सरकार को मिलने जा रहा है.”










