केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सुबह 11 बजे गृह मंत्रालय के कर्तव्य भवन स्थित कार्यालय में एक उच्च-स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे. इस बैठक में गृह सचिव गोविंद मोहन, खुफिया ब्यूरो के निदेशक, राष्ट्रीय जांच एजेंसी के महानिदेशक, दिल्ली पुलिस आयुक्त और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे. यह समीक्षा सोमवार शाम दिल्ली में हुए बम विस्फोटों के बाद हो रही है, जिसमें 9 लोग मारे गए थे और कई अन्य घायल हुए थे.
सोमवार को ही अमित शाह ने घटना स्थल का दौरा किया था और हॉस्पिटल जाकर घायलों से भी मुलाक़ात की थी।
वहीं लाल किले के पास घटनास्थल पर रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) तैनात है, जहां कल शाम लगभग 7 बजे एक हुंडई i20 कार में विस्फोट हुआ था. दिल्ली पुलिस, FSL और अन्य सहित कई एजेंसियां घटनास्थल पर जांच कर रही हैं. विस्फोट में नौ लोगों की मौत हो गई है.
लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास विस्फोट पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि यह एक बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना है. सरकार ने इसे बहुत गंभीरता से लिया है और हमारी सरकार ज़िम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी. इस देश में आतंकवाद के समर्थकों के लिए कोई जगह नहीं है.मैं उन लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं, जिन्होंने अपनी जान गंवाई है.
दिल्ली में सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने कई रास्तों पर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. चट्टा रेल कट से सुभाष मार्ग कट तक, नेताजी सुभाष मार्ग के दोनों कैरिजवे और सर्विस रोड पर ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेंगे. यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे सुबह 6:00 बजे से अगले आदेश तक इन मार्गों से बचें और परेशानी मुक्त यात्रा के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें. उस दिन चट्टा रेल कट से सुभाष मार्ग कट तक और इसके विपरीत, नेताजी सुभाष मार्ग पर किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी.










