पटना: बिहार विधान सभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग में बस दो दिन और बचे हैं. चुनाव की तारीख नजदीक आते-आते राजनीतिक दलों के जुबान की धार और तेज होती जा रही है जहां एनडीए राजद और कांग्रेस पर हमलावर है वहीं राजद का प्रहार बीजेपी पर है. इसी कड़ी में एक बार नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार को लेकर बीजेपी पर हमला बोला है.तेजस्वी ने कहा कि इस बार बीजेपी नीतीश कुमार को कतई सीएम नहीं बनाएगी.
पीएम के रोड शो में नीतीश के शामिल नहीं होने पर तेजस्वी बोले : रविवार को पटना में हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोड शो में नीतीश कुमार को शामिल नहीं किए जाने पर तेजस्वी ने कहा कि इसमें कोई चौंकाने वाली बात थोड़े ही है. बीजेपी के लोग इस बार नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाएंगे ही नहीं. यह एकदम स्पष्ट है.इस बार फ्रंट फुट पर बीजेपी के बड़े नेता है.
तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि बिहार में एनडीए को देख कर यह साफ हो गया है कि ये लोग मुख्यमंत्री नीतीश जी को तो नहीं बनाने वाले है. आप समझिए इस बात को, मेनिफेस्टो जारी किया गया उस दौरान भी मुख्यमंत्री जी को बोलने नहीं दिया जाता, नीतीश जी जिस चुनावी सभा में जा रहे हैं बीजेपी के लोग नीतीश जी को सार्वजनिक रूप से बोलते नहीं देते है. इसका मतलब तो साफ है कि आगे बीजेपी की रणनीति क्या है.नीतीश जी कहां है और जो लोग पीएम के साथ है वो कौन है ये भी जनता देख रही है.
पीएम मोदी बिहार के मुद्दों पर बात नहीं करते : तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री मोदी के भाषण को लेकर कहा कि मैेंने ऐसा पीएम नहीं देखा जो कुछ भी बोलता हो. उनके पास मुद्दा नहीं है और वो 20 साल पुरानी बातों पर निशाना साध रहे हैं. बिहार की जनता के लिए उनका क्या विजन है ये नहीं बताते वो लोगों को 20 साल पुरानी बातों को याद दिलाकर मुद्दे से गुमराह करते हैं.










