देहरादून- विशेष सत्र में राष्ट्रपति बोलीं- महिलाओं को पुरुषों के बराबर प्रतिनिधित्व मिले, उत्तराखंड के विकास में महिलाओं की अहम भूमिका

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून: उत्तराखंड की स्थापना के 25वें साल पर आज सोमवार को देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विधानसभा के विशेष सत्र को संबोधित किया. उत्तराखंड स्थापना दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने संबोधन में महिलाओं की भूमिका पर खास जोर दिया. उन्होंने हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया और सामाजिक कार्यकर्ता सुशीला बलूनी का विशेष तौर पर जिक्र किया. राष्ट्रपति ने विश्व कप जीतने पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम को भी बधाई दी.

उत्तराखंड के राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती समारोह के मौके पर आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राजधानी देहरादून में विधानसभा को संबोधित करने के लिए पहुंचीं. इस दौरान विधानसभा का नजारा बेहद अलग दिखा. सभी विधायक पहाड़ी टोपी लगा कर विधानसभा की कार्यवाही के लिए पहुंचे. अपने संबोधन में राष्ट्रपति ने कई महत्वपूर्ण बातें कीं, लेकिन सबसे अधिक फोकस महिलाओं पर रखा.

राष्ट्रपति का फोकस महिलाओं पर: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि उन्हें यह जानकर बेहद खुशी है कि राज्य के विकास और इस राज्य को आगे बढ़ाने में महिलाओं की अहम भूमिका रही है. उन्होंने उत्तराखंड की कुछ प्रसिद्ध महिलाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आज महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में प्रदेश ने उल्लेखनीय काम किया है.

राष्ट्रपति ने अपने भाषण में एक और महत्वपूर्ण बात कही. उन्होंने कहा कि वह उम्मीद करती हैं कि आने वाले दिनों में विधानसभा के अंदर महिलाओं की भागीदारी भी पुरुषों के समान होगी. महिलाओं को लेकर जब-जब राष्ट्रपति विधानसभा को संबोधित कर रही थीं, तब तब सभी विधानसभा के सदस्य ताली बजाकर उनके शब्दों का अभिवादन कर रहे थे.

अपने भाषण के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उत्तराखंड विधानसभा से ही भारत की महिला क्रिकेट टीम को भी बधाई दी. उन्होंने कहा कि आज न केवल भारत बल्कि पूरी दुनिया में महिलाएं अपना लोहा मनवा रही हैं. हमारी बेटियों ने क्रिकेट का वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रच दिया है. उन्होंने कहा कि देश में जितने पुरुष हैं, उतनी ही महिलाएं हैं. इसलिए महिलाओं को समान तवज्जो देना समय की मांग है.

 

 

 

 

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial