देहरादून: उत्तराखंड के बहुचर्चित यूकेएसएसएससी (UKSSSC) पेपर लीक मामले में दिल्ली हेडक्वार्टर से सीबीआई जांच की अधिसूचना जारी हो गई है. राज्य की सिफारिश पर अपना होमवर्क करने के बाद सीबीआई ने ये निर्णय लिया हैं. जल्द ही एसआईटी यानी स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) अब तक की गई जांच के दस्तावेज और तमाम साक्ष्य सीबीआई यानी केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंपेगी.
अब तक उत्तराखंड में कब-कब धमकी है सीबीआई: उत्तराखंड में अब तक हुई तमाम सीबीआई जांचों की अगर बात की जाए तो उत्तराखंड में पहले सीबीआई जांच का मामला साल 2002 में पुलिस भर्ती के बाद नियुक्तियों में हुई गड़बड़ी को लेकर सामने आया था. इसके बाद रणवीर एनकाउंटर में सीबीआई जांच हुई थी. जिसमें अब तक दोषियों को सजा मिल रही है.
इसके अलावा वन विभाग में हरक सिंह रावत के खिलाफ सीबीआई जांच चल रही है. उद्यान विभाग में हुए घोटाले पर भी सीबीआई जांच चल रही है तो वहीं अभी हाल ही में LUCC फ्रॉड के मामले में कोर्ट के जरिए जांच सीबीआई तक पहुंची है. अब पेपर लीक मामले में सरकार ने सीबीआई जांच के लिए मंजूरी दी है.










