मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद में रविवार की रात बड़ा हादसा हो गया. कटघर क्षेत्र के रामपुर रोड पर स्थित परी होटल एंड रेस्टोरेंट में अचानक भीषण आग लग गई. आग लगने के बाद आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया. रेस्टोरेंट में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोगों के साथ फायर ब्रिगेड की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाया, जिसमें 16 लोगों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया. लेकिन, अस्पताल में एक महिला की मौत हो गई.
आग लगने से रेस्टोरेंट में रखे सिलेंडर भी फट गए. इसके चलते आग ने विकराल रूप ले लिया. आग लगने की जानकारी मिलते ही मुरादाबाद पुलिस और फायर ब्रिगेड के अधिकारी मौके पर पहुंचे. फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियों ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
आग किन कारणों से लगी इसकी जांच की जा रही है. आग में फंसे लोगों को सकुशल निकालने में फायर ब्रिगेड की टीम को स्थानीय लोगों का भरपूर सहयोग मिला.
परी होटल एंड रेस्टोरेंट 4 मंजिला है जो मुरादाबाद के रामपुर रोड स्थित प्रेम वंडर लैंड फ्लाईओवर के नीचे बना है. आग लगने के बाद लपटें उठती देख आसपास के लोग भारी संख्या में जमा हो गए और खुद ही आग बुझाने का प्रयास करने लगे. फिर दमकल कर्मियों की मदद से दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका.
रेस्टोरेंट स्वामी के अनुसार उनका परिवार ऊपर की मंजिल पर रहता है. नीचे रेस्टोरेंट चलता था. सामने एक बैंक्वेट हॉल भी है. वहां पर विवाह समारोह में हुई आतिशबाजी से कोई चिनगारी उनके घर पर या रेस्टोरेंट पर गिरी जिससे यह पूरी घटना हुई है. आग लगने के वक्त रेस्टोरेंट स्टाफ से सिर्फ एक कारीगर मौजूद था बाकी परिवार के लोग यहां फंसे हुए थे. इसमें रेस्टोरेंट स्वामी की मां का की मौत हो चुकी है.
रेस्टोरेंट में करीब 16 लोग थे स्थानीय लोग और फायर ब्रिगेड की टीम ने सभी को बाहर निकाला, जिनको इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई. जो रेस्टोरेंट मालिक की मां थीं. 8 लोगों की हालत गंभीर बताई गई है.










