बिहार चुनाव की सरगर्मी तेजी से बढ़ रही है. एनडीए गठबंधन हो आरजेडी हो या फिर जनसुराज, हर राजनीतिक दल वोटरों को साधने की कोशिश में लगा है. बिहार चुनाव का असर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र बनारस में भी नजर आ रहा है. यहां की मुस्लिम महिलाएं बिहार जाकर बीजेपी के लिए वोट मांगेंगी. भाजपा से जुड़ी मुस्लिम महिलाएं टीम बनाकर पश्चिम बिहार के अलग-अलग हिस्सों के लिए रवाना होंगी. ये महिलाएं सरकार की नीतियां, सुविधाएं बताकर मुस्लिम समाज को भाजपा से जोड़ने का प्रयास करेंगी.
बनारस के बजरडीहा इलाके की ये मुस्लिम महिलाएं भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा से जुड़ी हुई हैं. 25 –25 की संख्या में 4 से 5 ग्रुप बने हैं, जो पश्चिम बिहार के अलग-अलग हिस्सों में जाकर मुस्लिम समुदाय और महिलाओं को उत्तर प्रदेश में सरकार की नीतियों से अवगत कराएगा. लोगों को बताएगा कि यूपी में किस तरह से शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा को मजबूत बनाया जा रहा है.
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की इन मुस्लिम महिलाओं का कहना है कि, यूपी में बीजेपी की सरकार में महिलाओं को जितनी सुविधा मिली है, उतनी आज तक किसी सरकार में नहीं मिली. राशन योजना, आयुष्मान कॉर्ड, आवास देने जैसी सुविधाओं के साथ तीन तलाक जैसे मुद्दे पर योगी सरकार ने मुस्लिम महिलाओं का ख्याल रखा है. कहा कि आयुष्मान योजना का लाभ लेने वाला सबसे बड़ा वर्ग मुस्लिम समुदाय है. पहले मुस्लिम महिलाएं बीमार होकर घरों में कैद हो जाती थीं. उनकी मौत हो जाती थी, लेकिन आज उन्हें 5 लाख तक का फ्री में इलाज मिल रहा है. तीन तलाक सबसे बड़ी कुरीति थी. सरकार के फैसले से हमारा सम्मान बचा है.
मुस्लिम महिलाओं का कहना है कि, पश्चिम बिहार में घूम-घूम कर लोगों को यूपी सरकार की योजनाओं के बारे में बताएंगे. उनसे अपील करेंगे कि वह बिहार में एनडीए की सरकार को लाएं, जिससे विकास हो सके. मुस्लिम महिलाएं समझ चुकी हैं कि उनका ध्यान कौन रख रहा है.










