अररिया : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के पूर्णिया से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अररिया-गलगलिया नई रेल लाइन का उद्घाटन किया. 110.75 किमी लंबी यह ब्रॉड-गेज लाइन सीमांचल को मुख्य रेल नेटवर्क से जोड़ने का ऐतिहासिक कदम है. इसके साथ ही बिहार को पश्चिम बंगाल और नेपाल से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी.

वंदे भारत और अमृत भारत को दिखाई हरी झंडी : पीएम मोदी ने जोगबनी-दानापुर वंदे भारत एक्सप्रेस, जोगबनी-ईरोड अमृत भारत एक्सप्रेस, जोगबनी-दानापुर अमृत भारत एक्सप्रेस और कटिहार-सिलीगुड़ी एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई. अररिया कोर्ट, फारबिसगंज और जोगबनी रेलवे स्टेशन फूलों से सजाए गए थे जहां स्थानीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ी.
कटिहार से सिलीगुड़ी की नई रफ्तार : कटिहार-सिलीगुड़ी एक्सप्रेस सुबह 5 बजे कटिहार से रवाना होकर 10 बजे सिलीगुड़ी पहुंचेगी और दोपहर 12:30 बजे वापसी यात्रा शुरू कर शाम 6 बजे कटिहार लौटेगी. अररिया कोर्ट स्टेशन पर उद्घाटन के दौरान एलईडी स्क्रीन पर कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिखाया गया.










