नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन को बेहतर और आधुनिक बनाने के साथ-साथ आम नागरिकों की सुविधाओं का भी खास ख्याल रखा जा रहा है. इसी कड़ी में दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (डीटीसी) ने अपने पांच बड़े डिपो को पूरी तरह नए अंदाज में विकसित करने की योजना बनाई है. दिल्ली के बसंत विहार, हरी नगर फर्स्ट, हरी नगर सेकंड, बीबीएम डिपो और सुखदेव विहार डिपो पर मल्टीलेवल बिल्डिंग बनाई जाएगी, जहां यात्रियों और आम जनता के लिए अनेक सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी.
आधुनिक डिपो में मिलेंगी ये सुविधाएं: दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन के अधिकारियों के मुताबिक इन मल्टीलेवल डिपो में आधुनिक बस स्टेशन के साथ-साथ होटल, रेस्टोरेंट, बैंक, दफ्तर, शॉपिंग स्पेस और मल्टीलेवल पार्किंग की सुविधा होगी. इसका सीधा लाभ यात्रियों को भी मिलेगा, जिन्हें सफर के इंतजार के दौरान खाने-पीने, बैठने और अन्य जरूरतों के लिए अलग-अलग जगह भटकना नहीं पड़ेगा. स्थानीय लोगों को भी इन डिपो पर रोजमर्रा की सेवाएं आसानी से मिल सकेंगी.

बढ़ेगी डीटीसी की आमदनी: डीटीसी अधिकारियों के अनुसार इस परियोजना को पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर विकसित किया जाएगा. फिलहाल निर्माण कार्य शुरू करने से पहले सॉइल इंस्पेक्शन का काम किया जा रहा है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि जमीन की प्रकृति के अनुसार किस तरह का निर्माण सबसे उपयुक्त होगा. अधिकारियों का मानना है कि ये कदम न केवल यात्रियों के लिए सुविधाजनक होगा बल्कि इससे डीटीसी की आमदनी बढ़ने से आर्थिक स्थिति को भी मजबूत होगी.
डिपो के व्यावसायिक उपयोग और सुविधाओं का ध्यान: यात्रियों को एक ही परिसर में टिकटिंग, बस सेवाओं के साथ खानपान और बैंकिंग जैसी जरूरतों की पूर्ति होगी. इसके अतिरिक्त मल्टीलेवल पार्किंग से निजी वाहनों के लिए भी स्थान मिलेगा. इससे आसपास की सड़कों पर जाम की समस्या कम हो सकती है. डीटीसी अधिकारियों का मानना है कि इन डिपो के व्यावसायिक उपयोग से जहां उसका रेवेन्यू बढ़ेगा, वहीं आम जनता को भी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी.










