काठमांडू: सुप्रीम कोर्ट की पूर्व चीफ जस्टिस सुशीला कार्की ने नेपाल के अंतरिम प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली. राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने उन्हें शपथ दिलाई. इससे पहले उनके नाम पर सहमति बन गई थी. बता दें कि, शपथ ग्रहण से पहले नेपाल की संसद को भी भंग कर दिया गया है.

केपी शर्मा ओली सरकार के खिलाफ विरोध करने वाले जेन जी (Gen Z) की मांग थी कि वर्तमान संसद को भंग कर दिया जाए. उन्होंने ही सुशीला कार्की के नाम का प्रस्ताव दिया था. सुशीला कार्की नेपाल के सुप्रीम कोर्ट की मुख्य न्यायाधीश रह चुकी हैं. उनकी छवि स्वच्छ रही है. उन्हें एक ईमानदार न्यायाधीश माना जाता रहा है. उन्होंने बीएचयू से पढ़ाई की है.
आज दिन भर जेन जी के प्रतिनिधियों, सेना और राष्ट्रपति के बीच बातचीत चलती रही. राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल हैं, जबकि अशोक राज सेना प्रमुख हैं. बातचीत के दौरान संसद भंग करने को लेकर बाधा उत्पन्न हो गई थी, लेकिन जेन जी अपनी मांग पर अड़े रहे. उन्होंने कहा कि संविधान में संशोधन कर संसद को जनता की इच्छा के अनुरूप बनाया जाना चाहिए. नेपाल में चल रहे राजनीतिक संकट के मद्देनजर प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष और नेशनल असेंबली के अध्यक्ष ने शुक्रवार को संयुक्त बयान जारी किया.
इस बयान में कहा गया है, “हम जेन-जेड विरोध प्रदर्शनों के दौरान हुए जान-माल के नुकसान से स्तब्ध हैं. हम विरोध प्रदर्शनों के दौरान अपनी जान गंवाने वाले सभी युवाओं और कर्तव्य निभाते हुए अपनी जान गंवाने वाले पुलिस अधिकारियों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हैं, और शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं. हम विरोध प्रदर्शनों के दौरान घायल हुए सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं और संबंधित राज्य तंत्र से यह सुनिश्चित करने का आग्रह करते हैं कि उपचार में कोई कमी न हो।
नेपाल में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान करीब 51 लोग मारे गए. छात्रों ने नेपाल में फैले भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और सोशल मीडिया पर बैन को लेकर विरोध किया. उनका कहना है कि जब से नेपाल में प्रजातंत्र को अपनाया गया है, कुछ ही नेताओं के पास बदल-बदल कर सत्ता आती है और सभी के सभी करप्ट हैं. उनके अनुसार इन नेताओं ने अपने परिवारों के लिए बड़ी-बड़ी संपत्ति जमा कर ली है, लेकिन नेपाल के युवाओं के लिए कुछ नहीं किया. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि नेपाल के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे देश जाना पड़ता है










