प्रवर्तन निदेशालय ने शनिवार को अवैध ऑनलाइन और ऑफलाइन सट्टेबाजी के मामले में कर्नाटक के चित्रदुर्ग निर्वाचन क्षेत्र के विधायक केसी वीरेंद्र को गंगटोक से गिरफ्तार किया। इसके अलावा ईडी ने 12 करोड़ रुपये नकद, छह करोड़ रुपये के सोने के आभूषण, लगभग 10 किलोग्राम चांदी के सामान और चार वाहन बरामद किए। नकदी में में लगभग एक करोड़ की विदेशी मुद्रा भी शामिल है।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बताया कि कर्नाटक के कांग्रेस विधायक केसी वीरेंद्र कुमार उर्फ ‘पप्पी’ को कथित अवैध ऑनलाइन और ऑफलाइन सट्टेबाजी मामले में शनिवार को सिक्किम से धन शोधन निरोधक कानून के तहत गिरफ्तार किया गया। संघीय जांच एजेंसी ने यह भी बताया कि उसने शुक्रवार को कई राज्यों में की गई छापेमारी के बाद 12 करोड़ रुपये नकद (लगभग एक करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा सहित), 6 करोड़ रुपये के सोने के आभूषण, लगभग 10 किलोग्राम चांदी और चार वाहन जब्त किए।
इससे पहले ईडी ने बीते दिन धन शोधन मामले में वीरेंद्र और कुछ अन्य लोगों से जुड़े परिसरों पर कई जगहों पर छापेमारी की थी। केसी वीरेंद्र कुमार पप्पी चित्रदुर्ग विधानसभा सीट से विधायक हैं। कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत की जा रही है।
ऑनलाइन सट्टेबाजी और गेमिंग से जुड़े मामले में छापेमारी
विधायक और कुछ अन्य लोगों से जुड़े परिसरों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी और गेमिंग से जुड़े एक मामले में छापेमारी की गई। प्रवर्तन निदेशालय के बंगलूरू क्षेत्रीय कार्यालय के मुताबिक, मामले में चित्रदुर्ग जिले (छह परिसर), बंगलूरू शहर (10 परिसर), जोधपुर (तीन परिसर), हुबली (एक परिसर), मुंबई (दो परिसर) और गोवा (पांच कैसीनो पपीज कैसीनो गोल्ड, ओशन रिवर्स कैसीनो, पपीज कैसीनो प्राइड, ओशन 7 कैसीनो और बिग डैडी कैसीनो सहित आठ परिसर) में 30 स्थानों पर तलाशी ली गई। एक अधिकारी ने बताया कि अवैध ऑनलाइन और ऑफलाइन सट्टेबाजी से जुड़े मामले में तलाशी ली जा रही है। तलाशी से पता चला है कि आरोपी King567, Raja567, Puppy’s003 और रत्ना गेमिंग के नाम से कई ऑनलाइन सट्टेबाजी साइटें चला रहा है।










