AUS vs SA 2nd ODI: एनगिडी की शानदार गेंदबाजी और ब्रीट्जके की बेहतरीन बल्लेबाजी की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को दूसरे वनडे में भी मात दे दी है. शुक्रवार, 22 अगस्त को ग्रेट बैरियर रीफ एरिना में खेले गए दूसरे वनडे में दक्षिण अफ्रीका ने मेहमान को 84 रनों से हरा दिया. इस जीत के साथ, दक्षिण अफ्रीका अब सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना चुका है और वनडे में ऑस्ट्रेलिया पर उसकी लगातार पांचवीं जीत है.
मैथ्यू ब्रीट्जके (88) और ट्रिस्टियन स्टब्स (74) की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने 49.1 ओवर में 277/10 का स्कोर बनाया, जिसके बाद लुंगी एनगिडी ने 42 रन देकर पांच विकेट चटकाए और मेजबान टीम को 37.4 ओवर में 193 रनों पर ढेर कर दिया.
दक्षिण अफ्रीका का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दबदबा
दिलचस्प बात यह है कि दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछली 10 में से आठ द्विपक्षीय श्रृंखलाएं जीती हैं, जो इन दोनों देशों के बीच उनके दबदबे को दर्शाता है. इसके अलावा, उन्होंने दोनों देशों के बीच पिछले 21 एकदिवसीय मैचों में से 17 जीते हैं. ऑस्ट्रेलिया निराशाजनक फॉर्म से गुजर रहा है क्योंकि उसने अपने पिछले आठ एकदिवसीय मैचों में से केवल एक मैच जीता है. पिछली जीत इंग्लैंड के खिलाफ मिली थी, जब उन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी में 352 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लिश टीम को हराया था.
टेम्बा बावुमा की अनुपस्थिति में, हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण, एडेन मार्करम (0) ने कप्तानी की और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन जेवियर बार्टलेट ने दूसरे ही ओवर में बिना खाता खोले ही उन्हें आउट कर दिया. रयान रिकलेटन (8) भी जल्द ही पवेलियन लौट गए, जब इंगलिश ने स्टंप्स के पीछे उनका शानदार कैच लपका, जिससे बार्टलेट को दिन का दूसरा और आखिरी विकेट मिला.
टोनी डी जोरजी (38) ब्रीट्जके के साथ डटे रहे और शीर्ष क्रम को संभाला, लेकिन एडम जम्पा ने उन्हें कैच एंड बोल्ड कर दिया. ब्रीट्जके और स्टब्स ने चौथे विकेट के लिए 89 रनों की साझेदारी की, जिसमें ब्रीट्जके ने आठ चौके और दो छक्के लगाए और फिर नाथन एलिस की गेंद पर डीप स्क्वायर लेग पर कैच आउट हुए.
डेवाल्ड ब्रेविस (1), जिन्होंने श्रृंखला के पहले मैच में अपना वनडे डेब्यू किया था, एक बार फिर प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे और एलिस की गेंद पर आउट हो गए. शीर्ष क्रम के बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन ने गेंद से अहम भूमिका निभाई और वियान मुल्डर (26) और सेनुरन मुथुसामी (4) को आउट किया.
अपने आक्रामक रुख के लिए जाने जाने वाले स्टब्स ने स्ट्राइक रोटेट की और 85.05 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की. उन्होंने 87 गेंदों पर केवल तीन चौके और एक छक्का लगाया, जिसका अंत जम्पा ने किया. केशव महाराज (22*) नाबाद रहे, जबकि नंद्रे बर्गर (8) और एनगिडी (1) क्रमशः अम्पा और जोस हेजलवुड का शिकार बने.
ऑस्ट्रेलिया का फ्लॉप शो
278 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए, ऑस्ट्रेलिया को शुरुआत में ही झटका लगा जब सलामी बल्लेबाज ट्रैविस हेड (6) और लाबुशेन (1) को क्रमशः बर्गर और लुंगी एनगिडी ने लगातार ओवरों में आउट कर दिया. मिशेल मार्श (18) भी पावरप्ले के आखिरी ओवर में मुल्डर को अपना विकेट दे बैठे. कैमरून ग्रीन (35) और जोश इंग्लिस (87) ने वापसी की पूरी कोशिश की, लेकिन ऑस्ट्रेलियाई मध्य और निचले क्रम से उन्हें कोई खास सहयोग नहीं मिला.
इंग्लिश के क्रीज पर रहते हुए ऑस्ट्रेलिया के लिए उम्मीदें बनी रहीं. ग्रीन, एलेक्स कैरी (13) और आरोन हार्डी (10) बिना कोई खास प्रभाव डाले आउट हो गए. इंग्लिस ने 117.56 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की, जिसमें 10 चौके और दो छक्के शामिल थे, जिसके बाद लुंगी एनगिडी ने अहम विकेट लिया. उन्होंने ने बार्टलेट (8) और जम्पा (3) के विकेट लेकर अपने पांच विकेट पूरे किए, जबकि मुथुस्वामी ने एलिस (3) को आउट करके 84 रनों से जीत हासिल की.
तीन मैचों की सीरीज का आखिरी वनडे मैच 24 को खेला जाएगा. बता दें कि ऑस्ट्रेलिया ने इससे पहले 3 मैचों की टी20 सीरीज में अफ्रीका को 2-1 से मात दी थी.










