पुणे: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर कड़ा हमला किया है। अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी देश को बदनाम करने में लगे हुए हैं इससे उनको कभी सत्ता हासिल नहीं होगी। अगर राहुल जीतना चाहते हैं तो विदेश जाना छोड़े और गांवों में जाना शुरू करें।
अमित शाह ने कहा, मैं आज इस मंच से महाराष्ट्र की जनता को कहने आया हूं और देश भर के लोगों को भी कहना चाहता हूं, जहां पर भी कांग्रेसी मिलें, आप उनको पूछें कि चुनाव लड़ना, हारना, जीतना, ये पार्टी के नेताओं के परफॉर्मेंस पर निर्भर करता है।
उन्होंने कहा कि 10 साल का आपको मौका दिया था, 12 लाख करोड़ के घपले, घोटाले, भ्रष्टाचार किए। देश की जनता ने आपका हाथ पकड़कर दिल्ली की सरकार के बाहर निकाल दिया। नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाया। 12 साल में नरेंद्र मोदी पर चार आने के भी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा है।
अमित शाह ने कहा कि मैं राहुल गांधी को सलाह देना चाहता हूं कि इस तरह से अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत को बदनाम करके आपको सत्ता नहीं मिलेगी। सत्ता चाहिए तो विदेश की यात्राएं बंद करके भारत के गांव में जाना शुरू करिए तो शायद आपका नंबर कभी लग जाए।









