रांची: झारखंड के खूंटी जिले में गुरुवार की रात एक भीषण सड़क हादसे में चार महिलाओं और तीन बच्चों समेत सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। कर्रा थाना क्षेत्र के कोशांबी कॉलोनी के पास एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़े लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया।
दरअसल गुरुवार रात एक स्कूटी सवार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों में गिर गया था। उसकी मदद के लिए आसपास के ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकल आए।
कुछ युवक झाड़ियों में फंसे स्कूटी सवार को निकालने की कोशिश कर रहे थे, जबकि महिलाएं और बच्चे सड़क किनारे खड़े होकर घटनाक्रम देख रहे थे। इसी दौरान तोरपा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे 18 चक्का ट्रेलर ने वहां मौजूद लोगों को रौंद दिया। जिसमें सात लोगों की मौत हो गई।
वहीं इस घटना को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दुख व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट कर लिखा, “झारखंड के खूंटी में हुए हादसे में लोगों की जान जाने से गहरा दुख हुआ है। जिन लोगों ने अपने अपनों को खोया है, उनके प्रति मैं अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”
हादसे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी दुख जताया है।उन्होंने कहा कि सात लोगों की मृत्यु की हृदयविदारक खबर से मन व्यथित है। साथ ही उन्होंने इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले सभी शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की और मारांग बुरु से दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति प्रदान कर और शोकाकुल परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।









