लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने अपनी पार्टी को लेकर बड़ा फैसला किया है। मायावती ने कहा है कि अब ईशान आनंद को पार्टी में आगे किया जाएगा। वहीं, आकाश आनंद और उनकी बहन को पार्टी की किसी भी जिम्मेदारी से दूर रखने का फैसला किया गया है।
मायावती ने कहा कि उनके छोटे भाई आनंद कुमार के आग्रह पर उन्होंने उनके बड़े बेटे आकाश आनंद को राजनीति में आगे किया था। हालांकि, शादी के बाद आकाश के रवैये हवाला देते हुए मायावती ने कहा कि उन्हें कुछ दिन पहले पार्टी से अलग करना पड़ा। उन्होंने आकाश के अपने ससुर अशोक सिद्धार्थ के प्रभाव में आने का भी आरोप लगाया और कहा कि उन्हें पार्टी में वापस लेना पार्टी के लिए विश्वासघात होगा।
इस लिए ईशान आनंद को पार्टी में सम्मानजनक जिम्मेदारी देने और आगे बढ़ाने का फैसला किया गया है। मायावती ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में ईशान भी पार्टी विरोधी कोई गंभीर गतिविधि करते हैं तो उन्हें भी पार्टी से बाहर किया जा सकता है।
मायावती ने कहा कि आकाश आनंद की बहन को भी पार्टी की कोई जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अब इस फैसले में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।
मायावती ने कहा कि इन मुद्दों के अलावा देश और जनहित से जुड़े जरूरी विषयों पर चर्चा के लिए 23 सितंबर को BSP की ऑल इंडिया बैठक बुलाई गई है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन के काम में पूरी ताकत से जुटने की अपील की।









