मध्य प्रदेश: इंदौर में आज यानि शनिवार को ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में राहुल गांधी ने छात्रों को संबोधित करते हुए सरकार और सिस्टम पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इस सिस्टम को स्टूडेंट नहीं चाहिए, अंधभक्त चाहिए। राहुल गांधी ने कहा, स्टूडेंट्स सवाल पूछते ही हैं, वे जिज्ञासु होते हैं। उनके सवाल हैं और यही वजह है कि इस सिस्टम को छात्रों से खतरा लगता है।
ये सिस्टम स्टूडेंट से डरता है क्यूंकि स्टूडेंट्स पूछते हैं कि दो लोगों ने पूरे सिस्टम को कैसे कैप्चर कर लिया। अंध भक्त नफरत से बात करता है और नफरत फैलाता है। स्टूडेंट ईमानदार होता है और अंधभक्त झूठा होता है।
राहुल गांधी ने कहा कि छात्र किसी बात को सिर्फ इसलिए नहीं मानता, क्योंकि उसे ऐसा बताया जाता है। छात्र उसकी वजह जानना चाहता है। राहुल ने कहा, सिस्टम ऐसे लोगों को बढ़ावा देता है जो जवाब मांगने की जगह हर बात को मान लेते हैं। आज का स्टूडेंट पूछता है कि स्कूल-कॉलेजों की हालत ऐसी क्यों है, पेपर लीक क्यों हो रहे हैं, युवाओं को रोजगार क्यों नहीं मिल रहा। उनकी बात सुनी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्र भारत का भविष्य हैं, उनके बिना कोई भी देश मजबूत नहीं बन सकता।
छात्रों से सवाल-जवाब के दौरान राहुल ने कहा- सिस्टम नहीं चाहता कि स्टूडेंट्स सवाल पूछें, इसलिए वह अंधभक्त पैदा करता है।
छात्रों के दर्द पर प्रतिक्रिया देते हुए राहुल गांधी ने कहा कि सिस्टम के भीतर कुछ लोग लालच और पैसे के चक्कर में भ्रष्ट हो जाते हैं। वे पेपर लीक कर लाखों मेहनती छात्रों के सपनों और भविष्य को बेरहमी से कुचल देते हैं।
राहुल गांधी ने दावा किया कि इस पूरी व्यवस्था की टॉप लेयर पर सिर्फ 6 लोग बैठे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरी व्यवस्था को शीर्ष स्तर से चलाया जाता है और राजनीतिक दबाव व धमकियों का दौर चलता है। उन्होंने कहा कि व्यवस्था पर चुनिंदा लोगों का कब्जा है, जो कई लेयर्स में बंटी हुई है।









