आज यानि 17 सितंबर को पीएम नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है और दुनिया भर से उन्हें बधाइयां मिल रही हैं। आज से लेकर 17 अक्टूबर तक बीजेपी ‘संकल्प सेवा अभियान’ की शुरुआत कर रही है। साथ ही प्रधानमंत्री मोदी को उनकी 25 साल की सार्वजनिक सेवा के लिए आशीर्वाद देने के लिए दीया जलाने का आह्वान किया है।
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए X पर पोस्ट किया, ‘राष्ट्रसेवा और समर्पण के पर्याय, 140 करोड़ देशवासियों के नेतृत्वकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। Nation First के संकल्प के साथ आपकी यह यात्रा सेवा, सुशासन और जनकल्याण की एक प्रेरक गाथा रही है। यह यात्रा किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि देशवासियों के उस सामूहिक स्वप्न की भी यात्रा है, जिसे आपने अपने कर्म और साधना से दिशा दी है। आपके मार्गदर्शन में भारत विकास और आत्मनिर्भरता के नए आयाम गढ़ रहा है तथा विश्व पटल पर अपनी नई पहचान और सामर्थ्य के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है। ईश्वर से प्रार्थना है कि आपको उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्रसेवा की शक्ति प्रदान करें।
वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित भारत के लक्ष्य की ओर पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। आधारभूत संरचना से लेकर डिजिटल कनेक्टिविटी तक, गरीब कल्याण से लेकर नवाचार और उद्यमिता तक, हमने हर क्षेत्र में ऐतिहासिक और उल्लेखनीय प्रगति की है। आज नागरिकों का जीवन अधिक सुगम हुआ है, अवसरों का विस्तार हुआ है और प्रत्येक नागरिक के लिए गरिमापूर्ण जीवन सुनिश्चित करने के लिए कार्य किया जा रहा है। पीएम मोदी ने सुशासन और जनसेवा को देश की विकास यात्रा के केंद्र में रखते हुए प्रशासन को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और नागरिक-केंद्रित बनाया है। उनके नेतृत्व में भारत की सांस्कृतिक चेतना और विरासत को वैश्विक मंच पर नई पहचान और प्रतिष्ठा मिली है। मैं उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु होने की महादेव से कामना करता हूं।
इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया, ‘अथक परिश्रम, त्याग और दूरदर्शिता के प्रतीक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। कर्म को साधना और राष्ट्रसेवा को जीवन का ध्येय बनाकर चलने वाले पीएम मोदी का जीवन तप, त्याग और अटूट संकल्प की गाथा है। सेवा और समर्पण से भरी उनकी यात्रा करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणा है। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दीर्घायु और स्वस्थ रहें और उनके नेतृत्व में देश प्रगति की नई ऊंचाइयां प्राप्त कर 2047 में विकसित भारत के लक्ष्य को सिद्ध करने की दिशा में आगे बढ़ता रहे।
वहीं, उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने लिखा, ‘मां भारती के अनन्य साधक, युवा, किसान और गरीब कल्याण हेतु सदैव समर्पित, विश्व पटल पर भारत का गौरव बढ़ाने वाले यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आपके मार्गदर्शन में भारत ने आत्मविश्वास, नवाचार और विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। आपके कुशल नेतृत्व में करोड़ों देशवासियों के जीवन में नई आशा और नए अवसरों का संचार हुआ है। बाबा केदार से आपके दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की प्रार्थना करता हूं। आपके नेतृत्व में भारत प्रगति पथ पर निरंतर नए कीर्तिमान स्थापित करता रहे, यही कामना है।’
वहीं राहुल गांधी ने भी पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई दी है। उन्होंने X पर पोस्ट किया, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिन की बधाई। आपके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करता हूं।
इसके अलावा, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने X पर पोस्ट किया, ‘प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई और स्वस्थ एवं सक्रिय सार्थक जीवन के लिए शुभकामनाएं।’









