दिल्ली में मणिपुरी संगीतकार चोंगथम विक्रम सिंह की हत्या मामले में राहुल गांधी के सवाल पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू का पलटवार, कहा – पूर्वोत्तर के लोग भी भारतीय, न करें राजनीति

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली:  मणिपुर के मशहूर संगीतकार चोंगथम विक्रम सिंह की दिल्ली में डिलीवरी करने वाले कर्मचारियों और ढाबे के स्टाफ द्वारा कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या किए जाने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस घटना के बाद दिल्ली की कानून-व्यवस्था और पूर्वोत्तर के लोगों की सुरक्षा पर सवाल उठाए। इसके जवाब में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि पूर्वोत्तर के लोग भी भारतीय हैं और घटना को राजनीतिक मुद्दा बनाने के बजाय दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई पर ध्यान दिया जाना चाहिए।

राहुल गांधी ने घटना को लेकर दिल्ली पुलिस और गृह मंत्रालय की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। जिस पर पलटवार करते हुए केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि यह राजनीति का नहीं, सख्त कार्रवाई का समय है।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस पर सवाल उठाए। उन्होंने लिखा कि मणिपुर के जाने-माने संगीतकार चोंगथम विक्रम सिंह अपने घर के बाहर शोर मचा रहे लोगों से शांति बनाए रखने का अनुरोध करने नीचे गए थे, लेकिन इसके बजाय उन्हें बेरहमी से पीट-पीटकर मार डाला गया।

राहुल गांधी ने कहा, “दिल्ली में एक पिता की उसके अपने घर के बाहर हत्या कर दी गई। ऐसी कई घटनाओं के बाद अब दिल्ली में रहने वाला पूर्वोत्तर का हर परिवार यही सवाल पूछ रहा है कि क्या हम यहां सुरक्षित हैं?” राहुल ने सवाल किया कि अमित शाह का गृह मंत्रालय और दिल्ली पुलिस पूर्वोत्तर के नागरिकों के खिलाफ बढ़ते अपराध और कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति को रोकने के लिए क्या कदम उठा रहे हैं।

राहुल गांधी के आरोपों का जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि यह राजनीतिक बयानबाजी का समय नहीं है। उन्होंने बताया कि इसमें शामिल डिलीवरी करने वाले और ढाबे के कर्मचारी देश के अलग-अलग राज्यों से हैं और यह दुखद घटना देर रात हुई बहस के बाद हुई।

किरेन रिजिजू ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की। जैसे ही विक्रम सिंह के बेटे ने PCR कॉल की, पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और भाग रहे आरोपी को हिरासत में ले लिया। रिजिजू ने बताया कि जब उन्होंने दिल्ली पुलिस के साथ चार्जशीट की समय-सीमा पर चर्चा की, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषियों को जल्द सजा दिलाने के लिए 8 से 9 दिनों के भीतर अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी जाएगी।

दरअसल 54 वर्षीय मशहूर मणिपुरी संगीत शिक्षक और गिटारिस्ट चोंगथम विक्रम सिंह दिल्ली के किलोकरी गांव (आश्रम क्षेत्र) में रहते थे। रविवार देर रात उनके घर के बाहर कुछ ढाबा कर्मी और डिलीवरी बॉय कथित तौर पर शराब पीकर शोर मचा रहे थे। जब विक्रम सिंह ने इसका विरोध किया और शांति बनाए रखने की अपील की, तो आरोपियों ने उन पर लात-घूंसों से बेरहमी से हमला कर दिया। इलाज के दौरान अस्पताल में उनकी मौत हो गई।

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial