नई दिल्ली: विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के मौके पर पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक भावुक पोस्ट किया है। जिसमें उन्होंने 1947 के बंटवारे का दर्द याद किया है। पीएम मोदी ने अपने संदेश में विभाजन से प्रभावित लोगों के अदम्य साहस को नमन किया।
पीएम मोदी ने X पर लिखा, आज हम ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ मना रहे हैं। हम उन सभी लोगों के साहस को याद करते हैं जो विभाजन से प्रभावित हुए थे। यह इतिहास का वह दौर था जिसने कई जिंदगियों को तहस-नहस कर दिया। परिवार उजड़ गए, अपनों को खो दिया और लोगों ने भारी पीड़ा सही।
इस त्रासदी को झेलने वाले लोगों ने विपरीत परिस्थितियों का सामना करते हुए शून्य से अपनी जिंदगी दोबारा शुरू की और देश की तरक्की में अहम योगदान दिया। इन लोगों की जीवन-यात्राएं हमें विपरीत हालातों में भी इंसानी जज्बे और संकल्पों की ताकत की याद दिलाती हैं।
पीएम मोदी ने कामना की कि यह दिन देश में आपसी भाईचारे, सद्भाव और एकता को बनाए रखने के संकल्प को और मजबूत करे ताकि हम सब मिलकर ‘विकसित भारत’ का निर्माण कर सकें।
साल 2021 से हर साल 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में मनाया जाता है। ताकि बंटवारे के दंगों और विस्थापन में जान गंवाने और प्रताड़ित होने वाले लोगों को याद किया जा सके।









