नई दिल्ली: पीएम नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो पोस्ट किया है। इस वीडियो में पीएम मोदी ने देश के लोगों से हर घर पर तिरंगा लहराने की अपील की है। आपको बता दें कि 15 अगस्त के दिन भारत अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है। ऐसे में इस अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए वीडियो में जनता से अपील करते हुए कहा- “आइए 15 अगस्त को आन-बान-शान से मनाए, स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों को श्रद्धांजलि दें, विकसित भारत का संकल्प लें, हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा, हर मन तिरंगा, आइए हर घर पर तिरंगा लहराइए।”
आपको बता दें कि हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत साल 2022 में आजादी का अमृत महोत्सव के तहत की गई थी। ये अब एक सालाना परंपरा बन गया है जिसमें देश के करोड़ों नागरिक राष्ट्रीय ध्वज फहराते हैं।
पीएम मोदी ने कहा था कि इस बार का स्वतंत्रता दिवस कुछ ज्यादा ही खास रहने वाला है क्योंकि इस साल ‘वंदे मातरम’ की भी 150वीं वर्षगांठ है और यह ‘हर घर तिरंगा’ अभियान वंदे मातरम को ही समर्पित है।









