तृणमूल कांग्रेस की राज्यसभा सांसद कोयल मल्लिक ने गुरुवार को राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपना इस्तीफा राज्यसभा के सभापति को सौंप दिया है। टीएमसी की राज्यसभा सांसद कोयल मल्लिक ने इस सिलसिले में राज्यसभा चेयरमैन सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात की और अपना इस्तीफा सौंप दिया है।
पार्टी के भीतर जारी आंतरिक कलह के बीच ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी के लिए इसे एक और बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है।
कोयल मल्लिक के इस्तीफे के बाद राज्यसभा में तृणमूल कांग्रेस के सांसदों की संख्या घटकर 9 रह गई है। ममता बनर्जी ने उन्हें इसी साल अप्रैल महीने में ही राज्यसभा भेजा था, लेकिन कुछ महीनों के अंदर ही उन्होंने इस्तीफा दे दिया। उन्होंने 6 अप्रैल 2026 को शपथ ली थी, लेकिन महज 3 महीने के भीतर ही उन्होंने सदन से इस्तीफा दे दिया।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में टीएमसी को मिली हार के बाद ममता बनर्जी के करीबी नेता एक-एक करके उनका साथ छोड़ते जा रहे हैं। लोकसभा में 20 से अधिक सांसद काकोली के नेतृत्व वाले गुट के साथ एनसीपीआई में विलय कर चुके हैं। वहीं, 60 से अधिक विधायक भी ममता बनर्जी का साथ छोड़ चुके हैं।









