नई दिल्ली: मानसून सत्र को लेकर होने वाली सर्वदलीय बैठक से पहले आज गुरुवार को कांग्रेस संसदीय दल की बैठक हुई। कांग्रेस संसदीय दल की बैठक सोनिया गांधी के आवास पर हुई इस बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई।
कांग्रेस संसदीय दल की बैठक के बाद जयराम रमेश ने ऐलान किया कि कांग्रेस पार्टी, परिसीमन बिल का विरोध करेगी। जयराम नरेश ने कहा, ‘हमें पता चला है कि परिसीमन बिल लाया जाएगा, ऐसी खबर है। कांग्रेस पार्टी इसका विरोध करेगी।
उन्होंने कहा कि हम दूसरी पार्टियों के साथ एकजुट होकर खड़े रहेंगे। इस बार कौन-कौन से बिल लाए जाएंगे, इस बारे में हमारे पास कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है। उम्मीद है कि रविवार को सर्वदलीय बैठक में हमें इसके बारे में पता चल जाएगा।
कांग्रेस का आरोप है कि सरकार महिला आरक्षण के नाम पर इसे थोपना चाहती है। पार्टी का कहना है कि सरकार वर्तमान 543 सीटों पर ही महिला आरक्षण तुरंत लागू करे।
यह बिल लोकसभा में जरूरी दो-तिहाई बहुमत न मिलने के कारण खारिज हो गया था। कांग्रेस इस बार भी विपक्षी दलों को साथ लेकर सरकार के इस कदम को रोकने की पूरी तैयारी में है।
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने स्पष्ट किया है कि उनकी पार्टी महिला आरक्षण का समर्थन करती है, लेकिन इसे परिसीमन प्रक्रिया से जोड़ने के पूरी तरह खिलाफ है।









