लखनऊ: भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन यूपी के दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने योगी सरकार की जमकर तारीफ़ की। उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने माफिया राज खत्म कर यूपी को सुशासन का मॉडल बनाया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के हर नकारात्मक नॉरेटिव को ना करते हुए बीजेपी के सांसद और विधायक 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाएं।
उन्होंने शनिवार को लखनऊ प्रवास के पहले दिन पार्टी सांसदों, विधायकों और वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक को संबोधित किया। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, बृजेश पाठक, प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह भी मौजूद रहे।
पूरी ताकत से मैदान में उतर जाइए: भाजपा अध्यक्ष ने 2027 विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंकते हुए कहा कि भाजपा के नेतृत्व में देश और उत्तर प्रदेश दोनों ही विपक्षी सरकारों के भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और अराजकता के दौर से बाहर निकल चुके हैं।उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि विपक्ष के किसी भी भ्रामक नैरेटिव का शिकार न हों और पूरी ताकत से चुनावी मैदान में उतरें।
नितिन नवीन ने कहा कि 2017 से पहले का उत्तर प्रदेश और 2005 से पहले का बिहार अराजकता, भ्रष्टाचार और जातिवाद के लिए जाने जाते थे।उस समय प्रदेश में विकास नहीं था और हर क्षेत्र में बाहुबली व माफिया समानांतर सत्ता चलाते थे। योगी सरकार ने माफिया राज और अराजकता का अंत कर प्रदेश में कानून का राज स्थापित किया। आज उत्तर प्रदेश कानून व्यवस्था और सुशासन का राष्ट्रीय मॉडल बन गया है।
उन्होंने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि विपक्ष जाति और भ्रम की राजनीति से समाज को बांटना चाहता है। जबकि भाजपा “नेशन फर्स्ट” की विचारधारा के साथ समाज को जोड़ने का काम कर रही है। विपक्ष सोशल मीडिया के जरिए सरकार की उपलब्धियों को दबाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने युवाओं, किसानों और महिलाओं की उम्मीदें तोड़ीं।भाजपा सरकार ने उन्हें अवसर, सुरक्षा और सम्मान दिया। केंद्र और राज्य की योजनाओं से लाखों युवाओं को रोजगार और करोड़ों लोगों को योजनाओं का लाभ मिला है।








