पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां क्वेटा से पेशावर जा रही एक बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसा खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के इस्माइल खान जिले में हुआ। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त बस में 48 लोग सवार थे। हादसे में 40 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 8 लोग घायल बताए जा रहे हैं ।
पेशावर जाने वाली यह बस बलूचिस्तान के क्वेटा से चली थी। अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा तब हुआ जब बस खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के डेरा इस्माइल खान जिले में पहुंची। शुरुआती जांच से पता चलता है कि बस के ब्रेक फेल हो गए थे, जिससे पहाड़ी इलाके में एक मुश्किल मोड़ पर ड्राइवर का नियंत्रण खो गया। बस सड़क से फिसलकर खाई में गिर गई।
अधिकारियों का कहना है कि हादसा क्यों हुआ, इसकी जांच की जा रही है। शुरुआती जांच से पता चल रहा है कि ब्रेक फेल होने की वजह से यह हादसा हुआ है।
वहीं पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने संबंधित अधिकारियों को घायलों के लिए हरसंभव मदद और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। राष्ट्रपति कार्यालय ने एक बयान में कहा, “इस दुखद हादसे से प्रभावित परिवारों के दुख में पूरा देश उनके साथ है।”









