देहरादून: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के जरिए शहरी विकास, कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग, पशुपालन विभाग में तमाम पदों पर चयनित 221 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपा गया। चयनित सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए सीएम धामी ने कहा बीते साढ़े चार सालों में सरकार ने 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं से जोड़ने का काम किया है। उन्होंने कहा कि यह पल युवाओं के सालों की परिश्रम और संघर्ष की सफलता का स्वर्णिम क्षण है।
सीएम धामी ने कहा युवाओं के चेहरों पर मुस्कान बताती है कि राज्य सरकार, सही दिशा में आगे बढ़ रही है। राज्य के युवा वर्तमान के साथ भविष्य की भी सबसे बड़ी पूंजी है। पीएम मोदी के नेतृत्व में युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।
सीएम धामी ने कहा कि एक समय ऐसा था जब युवाओं के सपनों और उनके माता-पिता के त्याग के साथ अन्याय होता था, पर आज रिकॉर्ड समय में भर्तियां पूरी हो रही हैं। पहले युवाओं को हताशा और निराशा मिलती थी, आज राज्य सरकार युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपने का काम करती है। मुख्यमंत्री ने कहा राज्य सरकार, युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी कीमत पर समझौता नहीं होने देगी। आज के दिन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री के रूप में पूरे 12 वर्ष पूरे हो रहे हैं, जो अपने आप में एक ऐतिहासिक दिन है।
मुख्यमंत्री ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश, विकसित भारत-2047 के महान संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। इस अमृतकाल में सभी ने मिलकर इस महायज्ञ में सक्रिय भागीदारी निभानी है। राष्ट्र निर्माण में अपना अमूल्य योगदान देना है।










