वडोदरा:पीएम मोदी ने 24 घंटे में एक बार फिर देशवासियों से अपील की है। पीएम मोदी ने गुजरात के वडोदरा में कहा कि पेट्रोल-डीजल का इस्तेमाल जितना हो सके उतना कम करें। सोने की गैरजरूरी खरीद न करें और वर्क फ्रॉम होम को प्राथमिकता दें।
पीएम मोदी ने कार पूलिंग करने और इलेक्ट्रिक गाड़ियों का इस्तेमाल करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि कार पूलिंग करें और हो सके तो इलेक्ट्रिक गाड़ियां यूज करें।
पीएम मोदी ने कहा कि देश का बहुत सारा पैसा सोने के आयात पर विदेश चला जाता है। इसलिए, मैं आप सभी देशवासियों से अपील करूंगा कि जब तक हालात सामान्य न हो जाएं, तब तक सोने की खरीदारी टाल दें। आज समय की मांग है कि हम ‘वोकल फॉर लोकल’ को एक जन-आंदोलन बना दें। विदेशी सामान के बजाय, स्थानीय उत्पादों को अपनाएं।
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले कुछ सालों से दुनिया लगातार अस्थिर परिस्थितियों से गुजर रही है। पहले कोविड का संकट, फिर वैश्विक आर्थिक चुनौतियां और अब पश्चिम एशिया में बढ़ता तनाव। इन सभी स्थितियों का असर लगातार पूरी दुनिया पर पड़ रहा है, और भारत भी इससे अछूता नहीं है। अगर COVID महामारी इस सदी का सबसे बड़ा संकट थी, तो पश्चिम एशिया में युद्ध से पैदा हुई परिस्थितियां इस दशक के बड़े संकटों में से एक हैं। जब हमने मिलकर COVID की चुनौती का सामना किया, तो हम निश्चित रूप से इस संकट से भी पार पा लेंगे।









