पंजाब सरकार के मंत्री संजीव अरोड़ा के ठिकानों पर ED की रेड के बाद पंजाब की राजनीति गरमा गई है। शनिवार सुबह चंडीगढ़, लुधियाना और दिल्ली समेत कई जगहों पर ED की टीमों ने छापेमारी की। इसके बाद अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर बड़ा हमला किया है। उन्होंने कहा कि जैसे ही पश्चिम बंगाल के चुनाव खत्म हुए, वैसे ही पंजाब में लगातार ED की रेड शुरू कर दी गईं।
इतना ही नहीं केजरीवाल ने पीएम मोदी की तुलना ओरगज़ेब से कर दी। उन्होंने कहा कि जैसे ओरगज़ेब ने पंजाब में अत्याचार किए थे ऐसे ही आज मोदी कर रहे हैं। पंजाब के लोग इन अत्याचारों को भूलेंगे नहीं। केजरीवाल ने कहा कि पंजाब गुरुओं की धरती है, जहां लोगों ने हमेशा अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई है।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल चुनाव खत्म होते ही पंजाब में लगातार ED की रेड शुरू हो गई हैं। केजरीवाल का आरोप है कि पिछले कुछ सालों में केंद्र सरकार ने कई मामलों में पंजाब के साथ ठीक व्यवहार नहीं किया। उन्होंने कहा कि पानी, फंड और सरकारी संस्थानों के मुद्दों पर भी पंजाब पर दबाव बनाया गया।मोदी सरकार जांच एजेंसियों का इस्तेमाल करके राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश कर रही है।
केजरीवाल ने कहा कि पहले अशोक मित्तल के यहां ED की रेड हुई थी और बाद में वह बीजेपी में शामिल हो गए। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि जांच एजेंसियों का इस्तेमाल भ्रष्टाचार पकड़ने के लिए नहीं, बल्कि नेताओं पर दबाव बनाकर उन्हें पार्टी बदलवाने के लिए भी किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि संजीव अरोड़ा के यहां पहले भी रेड हो चुकी थी, लेकिन जब उन्होंने बीजेपी जॉइन नहीं की तो फिर से कार्रवाई करवाई गई।









