सीएम योगी और धामी ने यमकेश्वर में विकास योजनाओं का किया लोकार्पण, शिव मंदिर में की पूजा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कोटद्वार: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यमकेश्वर क्षेत्र का संयुक्त भ्रमण कर विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय बिथ्याणी में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत यमकेश्वर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना से हुई। दोनों मुख्यमंत्रियों ने देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि व जनकल्याण की कामना की। बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव पंचूर भी पहुंचे। यहां उन्होंने श्री विष्णु महायज्ञ में भाग लेकर परिवार और ग्रामीणों के साथ अनुष्ठान किया। उन्होंने मंदिर समिति का आभार जताते हुए कहा कि तीन वर्ष पहले जहां केवल श्रद्धा थी, आज वहां भव्य मंदिर का निर्माण हो चुका है। मुख्यमंत्री योगी ने युवाओं को सकारात्मक सोच अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि अच्छी सोच से सुखद परिणाम मिलते हैं और ईश्वर भक्ति सकारात्मक ऊर्जा बनाए रखती है।

महाविद्यालय पहुंचने पर छात्राओं ने पारंपरिक तरीके से दोनों मुख्यमंत्रियों का स्वागत किया। योगी आदित्यनाथ और पुष्कर सिंह धामी ने गुरु गोरखनाथ की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान महाविद्यालय की नई एआई आधारित वेबसाइट का डिजिटल उद्घाटन भी किया गया। त्रिलोक चंद्र शर्मा ने वेबसाइट की कार्यप्रणाली की जानकारी दी। मुख्यमंत्री योगी ने एआई बॉट से संवाद कर परीक्षा प्रणाली और परिणामों की समीक्षा की, जबकि मुख्यमंत्री धामी ने छात्र संख्या और कौशल विकास कार्यक्रमों पर चर्चा की।
नए भवन और ओपन जिम का भी लोकार्पण

महाविद्यालय के नए भवन और सेमिनार हॉल का उद्घाटन भी किया गया। इस अवसर पर विकसित भारत-एक संकल्प पुस्तक का विमोचन किया गया। युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक करने के लिए महाविद्यालय परिसर में ओपन जिम का लोकार्पण भी किया गया। दोनों मुख्यमंत्रियों ने जिम उपकरणों पर व्यायाम कर स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया। इसके अलावा प्रस्तावित स्टेडियम की भूमि का निरीक्षण कर दोनों मुख्यमंत्रियों ने जल्द निर्माण कार्य पूरा कराने का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री बनने के बाद चौथी बार पंचूर पहुंचे योगी

मुख्यमंत्री बनने jके बाद चौथी बार योगी आदित्यनाथ अपने गांव पंचूर पहुंचे हैं। पहली बार योगी आदित्यनाथ 3 मई 2022 को अपने भतीजे के मुंडन के अवसर पर पंचूर पहुंचे थे। तब वह दो रात गांव में रुके थे। उसके बाद 6 फरवरी 2025 को अपने गांव आए थे। इस दौरान वह अपनी भतीजी के विवाह समारोह में शामिल हुए थे। तब योगी आदित्यनाथ 3 रात गांव में रुके थे। तीसरी बार 6 फरवरी 2026 को योगी आदित्यनाथ पंचूर पहुंचे थे। तब उन्होंने जनता इंटर कॉलेज यमकेश्वर के नवनिर्मित विद्यालय भवनों का लोकार्पण किया था। अब चौथी बार योगी आदित्यनाथ पहुंचे हैं।

 

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial