नई दिल्ली: इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान हुए हंगामा व विरोध प्रदर्शन के मामले में जांच तेज करते हुए दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. इस केस में इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को भी गिरफ्तार कर लिया गया है. उन्हें एक दिन पहले ही पूछताछ के लिए तिलक मार्ग थाने में बुलाया गया था. पूछताछ के बाद उनकी भूमिका व उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तारी की बात कही जा रही है. इस कार्रवाई के बाद अब तक इस मामले में कुल आठ गिरफ्तारियां हो चुकी है.
इससे पहले पुलिस ने ग्वालियर से जितेंद्र यादव को गिरफ्तार किया था. पुल्स जांच में साजिश के एंगल की भी पड़ताल कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि विरोध प्रदर्शन की योजना, इसमें शामिल लोगों की भूमिका व संगठनात्मक स्तर पर हुई तैयारियों की जांच की जा रही है. पुलिस का दावा है कि कार्रवाई उपलब्ध तथ्यों व इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़ रही है.
वहीं इंडियन यूथ कांग्रेस ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष की गिरफ्तारी को “मनमानी व दमनात्मक कार्रवाई” बताते हुए कड़ी निंदा की है. संगठन की ओर से बयान जारी कर और एक्स पर पोस्ट कर कहा गया है कि उदय भानु चिब पहले ही जांच में शामिल होकर पूरा सहयोग दे चुके थे, न तो वे फरार थे और न ही जांच से बच रहे थे. इसके बावजूद गिरफ्तारी ये संकेत देती है कि यह कदम जांच की आवश्यकता से अधिक दबाव बनाने की रणनीति का हिस्सा है.
वहीं कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने दिल्ली पुलिस द्वारा इंडियन युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को भारत AI प्रभाव शिखर सम्मेलन में युवा कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर गिरफ्तार किए जाने पर कहा,”बहुत शर्म की बात है कि शांतिपूर्ण आंदोलन करने में भी आपको दिक्कत होती है। तानाशाह को परेशानी होती है। तानाशाह को किसी ने आइना दिखाया तो वो उसको जेल में डाल देगा। हम ये जानना चाहते हैं कि क्या पुलवामा के सारे आंतकी गिरफ्तार हो गए, क्या पहलगाम हमले के सारे आतंकी गिरफ्तार हो गए। क्या लाल किले बम ब्लास्ट के सारे आतंकी गिरफ्तार हो गए…एक टी शर्ट उतारने से आप डर जाते हो लेकिन देश में आतंकी हमले हो जाते हैं और आप गिरफ्तारी नहीं कर पाते हो…ये इस सरकार की सच्चाई है।”










