गुवाहाटीः असम कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा रविवार को BJP में औपचारिक रूप से शामिल हो गए. उन्होंने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली. यह कार्यक्रम असम बीजेपी के मुख्यालय ‘वाजपेयी भवन’ में हुआ. उनके साथ कांग्रेस के कुछ अन्य पूर्व नेता संजू बोरा, राजेश कुमार जोशी, कंकन दास और गगन चंद्र बोरा के अलावा एक दर्जन से ज्यादा कार्यकर्ता भी कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए.
भूपेन बोरा ने 16 फरवरी को अपना इस्तीफा दिया था. हालांकि, उस समय कांग्रेस आलाकमान ने उनका इस्तीफा मंजूर नहीं किया था. उन्हें मनाने के लिए कई बड़े नेता उनके घर पहुंचे थे. राहुल गांधी ने भी उनसे बात की थी. उन्होंने अपने फैसले पर दोबारा विचार करने के लिए थोड़ा समय मांगा था, लेकिन अगले ही दिन मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा उनके घर पहुंचे और घोषणा कर दी कि वह 22 फरवरी को बीजेपी में शामिल होंगे.
भाजपा में शामिल होने के बाद बोरा ने कहा: “मैंने यह सोचकर कांग्रेस से इस्तीफा नहीं दिया था कि मैं बीजेपी में शामिल हो जाऊंगा. मैंने यह सोचकर इस्तीफा दिया था कि कांग्रेस के भीतर गलतियों पर आत्ममंथन होगा, और मुझे उम्मीद थी कि उन्हें सुधारने का वादा किया जाएगा.” उन्होंने आगे कहा कि सोमवार को जो कांग्रेस नेता उनके घर आए थे, उन्होंने उनकी भावनाओं को ठेस पहुंचाई थी.
बोरा ने कहा- “कांग्रेस ने असमिया समुदाय की भावनाओं को भी ठेस पहुंचाई है. मैंने 32 वर्षों तक एक विचारधारा, अंतरात्मा और देशभक्ति के साथ कांग्रेस की सेवा की. लेकिन अब मैं आहत हूं.” बता दें कि 126 सदस्यों वाली असम विधानसभा के चुनाव इस साल मार्च-अप्रैल में होने की उम्मीद है.
भाजपा में उनका स्वागत करते हुए, सरमा ने कहा कि बोरा के मन में “कुछ कड़वाहट” हो सकती है क्योंकि उन्होंने 32 से अधिक वर्षों तक बहुत योगदान देने के बाद कांग्रेस छोड़ी है. सरमा ने कहा-“आज से भाजपा में एक नया जीवन शुरू हो रहा है. वह अब पार्टी के एक गर्वित सदस्य हैं. भाजपा परिवार भी उनका ख्याल रखेगा और उन्हें प्यार और सम्मान देगा.”
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने भी बोरा और सत्ताधारी दल में शामिल होने वाले अन्य कांग्रेस नेताओं का स्वागत किया. उन्होंने कहा, “आज से भाजपा कार्यकर्ताओं की ताकत बढ़ गई है. नए लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के कार्यों से प्रेरित होकर आगे आए हैं.” सैकिया ने कहा कि बोरा का राजनीतिक अनुभव और प्रशासनिक कुशलता भाजपा को और मजबूत करेगी.










