देहरादून: कांग्रेस के लोक भवन कूच के लिए निकाली गई रैली पर बीजेपी की प्रतिक्रिया सामने आई है. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कांग्रेस की इस रैली को भाड़े की भीड़ बताया है. गणेश जोशी का कहना है कि भीड़ सहारनपुर और अन्य जगहों से बुलाई गई थी.
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस के इस प्रदर्शन को फ्लॉप शो बताया है. उन्होंने कहा कि आज के प्रदर्शन में जनता की अनुपस्थिति बताती है कि राज्य विकास मार्ग पर बहुत आगे बढ़ गया है. कांग्रेस खुद अभी भ्रम में है. हम आने वाले साल को विकास की रफ्तार बढ़ाने का अवसर मान रहे हैं, लेकिन कांग्रेस नेताओं के लिए यह समय राजनीतिक प्रपंचों का है.
बीते 4 सालों में हमारी सरकार ने विकास और जनकल्याण के अनगिनत काम किए हैं. जनता से किए सभी वादों पर बीजेपी खरा उतरी है. बाकी बचे समय में भी उम्मीद से बढ़कर काम करने जा रही है. जनता आज राज्य के चौमुखी विकास को अपने आस पास अनुभव कर रही है. केंद्रीय एजेंसियों के आंकड़े उसकी तस्दीक करते हैं.
मुद्दाविहीन और विचारहीन हुई कांग्रेस: महेंद्र भट्ट ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस को दिक्कत इस बात से है कि राज्य निर्माण से चले आ रही समस्याओं का हमारी सरकार ने निवारण कैसे कर दिया है? कांग्रेसी सरकारों ने भ्रष्टाचार की बेल पनपाई, हमने उसे पूरी तरह सुखाया है.
वहीं, इसके अलावा कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी में कहा कि आज कांग्रेस पूरी तरह से हताश और निराश है. जिस तरह से आज धामी सरकार काम कर रही है और कांग्रेस के पास कोई मुद्दे नहीं है. ऐसे में खुद को जिंदा रखने के लिए इस तरह के आयोजन किए जा रहे हैं, जो कि फ्लॉप साबित होते जा रहे हैं.
सहारनपुर से बुलाई गई थी भीड़: उन्होंने कहा कि इस बार का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि कांग्रेस की रैली का कॉल टाइम 11 बजे था. कांग्रेस के तमाम लोग 1 बजे तक परेड़ ग्राउंड में इंतजार करते रहे कि थे कि कोई कार्यकर्ता आए और रैली शुरू की जाए. इस बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि कांग्रेस की अंदरखाने क्या स्थिति है?
“जब बीजेपी विपक्ष में थी और किसी भी तरह का प्रदर्शन जब होता था तो उसका एक अलग ही मैनेजमेंट और प्रभाव देखने को मिलता था. हमारे पास इनपुट है कि कांग्रेस ने सहारनपुर और प्रदेश के बाहर अन्य जगहों से भी लोग इस प्रदर्शन में बुलाए थे. इसलिए कांग्रेस को कुछ हासिल होने वाला नहीं है. हां इतना जरुर है कि मीडिया में कांग्रेस को एक दिन का स्पेस जरूर थोड़ा मिल जाएगा.“- गणेश जोशी, कैबिनेट मंत्री










