आगरा: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व सीएम अखिलेश यादव गुरुवार को आगरा में एक शादी समारोह में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने केंद्र और यूपी सरकार के बजट पर भी हमला बोला. कहा कि यूपी के जूता कारोबारी राहत के लिए जूते तक घिस चुके हैं, लेकिन बजट से उन्हें कुछ भी नहीं मिला. न यमुना साफ हो पाई, न सड़कें सुधरीं. आगरा की जनता जाम में फंसी है.
अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि हथेली गरम, पुलिस नरम…यह आपसे बेहतर कौन जान सकता है. हमारे PDA गठबंधन के साथ जुड़कर उत्तर प्रदेश की जनता ने भारतीय जनता पार्टी को हरा दिया. अब इन्हें यह समझ नहीं आ रहा है कि क्या रास्ता निकालें. भाजपा बांटो और राज करो की नीति पर चल रही है. लेकिन उत्तर प्रदेश की जनता समाजवादी विचारधारा, सोशलिज्म, सेक्युलरिज्म के रास्ते चलकर भारतीय जनता पार्टी को हराने जा रही है.’
अखिलेश यादव ने कहा कि चाहे पॉल्यूशन का सवाल हो, महंगाई का सवाल हो, बेरोजगारी का सवाल हो, बजट से किसी को राहत नहीं मिली. जनता को रोजगार और इलाज देने में सरकार नाकाम है. बिजली महंगी, स्वास्थ्य सेवाएं ठप्प हैं. आगरा के आलू किसानों को भी कुछ नहीं मिला.
इसके अलावा उन्होंने कहा कि अमेरिका के साथ जो ट्रेड डील हुई है, उससे अमीर और अमीर होगा. गरीब और भी गरीब होता जाएगा. जनता सब देख रही है. अमेरिकी डील से इन्होंने पूरा बाजार सौंप दिया है. अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि कौन-कौन से प्रोडक्ट अमेरिका से आएंगे.










