नई दिल्ली: कांग्रेस हाईकमान के साथ नाराज़गी के बीच शशि थरूर ने गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से मुलाकात की। तीनों नेताओं के बीच यह मुलाकात संसद भवन में स्थित खरगे के दफ्तर में हुई।
राहुल और खरगे से मुलाकात के बाद थरूर ने सोशल मीडिया X पर दोनों नेताओं के साथ मीटिंग की एक तस्वीर पोस्ट करके लिखा, ‘आज कई विषयों पर गर्मजोशी भरी और सार्थक चर्चा के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे जी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जी का धन्यवाद। भारत के लोगों की सेवा में आगे बढ़ते हुए हम सब एक ही पेज पर हैं। मैं और क्या कहूं? मैंने हमेशा पार्टी के लिए कैंपेन किया है, मैंने कहां कैंपेन नहीं किया है?’
केरल के CM पद को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा, ‘नहीं, इस बारे में कभी बात नहीं हुई। मुझे किसी भी चीज के लिए कैंडिडेट बनने में कोई दिलचस्पी नहीं है। मैं पहले से ही MP हूं, और तिरुवनंतपुरम के मेरे वोटर्स को मुझ पर भरोसा है। मुझे पार्लियामेंट में उनके हितों का ध्यान रखना है, यही मेरा काम है।’
उन्होंने कहा कि मैं सीएम कैंडिडेट नहीं हूं और पहले से ही सांसद हूं. आपको बता दें कि कांग्रेस की पिछली कई बैठकों से थरूर गायब रहे थे. कई मौकों पर उन्होंने पार्टीलाइन से अलग जाकर बयान दिया था. माना जा रहा था कि थरूर पार्टी हाईकमान के रवैये से नाराज थे. लेकिन आज राहुल और खरगे से मुलाकात के बाद थरूर की बॉडी लैंग्वेज बदली नजर आ रही थी. उन्होंने कहा कि सबकुछ ठीक है, हम साथ आगे बढ़ रहे हैं.
हालिया रिपोर्टों के मुताबिक, थरूर ने कई बार महसूस किया कि उन्हें पार्टी आयोजनों में वह प्रमुख भूमिका नहीं दी जा रही, जिसकी वे अपेक्षा रखते हैं. खासकर कोच्चि के महापंचायत कार्यक्रम में राहुल गांधी द्वारा उनका नाम न लेना उनकी नाराजगी का प्रमुख कारण माना गया था. इसके बाद उन्होंने दिल्ली और केरल की कई रणनीतिक बैठकों से दूरी बनाए रखी.
थरूर ने साफ-साफ संकेत दिया कि उनके और पार्टी के बीच कुछ ‘मसले’ हैं, और वे इन्हें लेकर पार्टी नेतृत्व से चर्चा करना चाहते हैं। उन्होंने कहा था, ‘जो भी मसले हैं, मुझे उनके बारे में पार्टी नेतृत्व से चर्चा करनी होगी, और मैं ऐसा करने का मौका तलाश रहा हूं। मैं इस मुद्दे पर सार्वजनिक रूप से कुछ नहीं कहूंगा।
अब इस मुलाक़ात के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि सब कुछ ठीक ठाक है. मुलाक़ात के बाद शशि थरूर ने साफ कर दिया है कि सबकुछ ठीक है, हम साथ आगे बढ़ रहे हैं.










