उत्तराखंड में आज समान नागरिक संहिता (UCC) के लागू होने के एक वर्ष पूरे होने पर पूरे प्रदेश में UCC दिवस मनाया जा रहा है. देहरादून में भी समान नागरिक संहिता दिवस समारोह का आयोजन हुआ. जिसमें सीएम धामी ने शिरकत की.
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि 27 जनवरी उत्तराखंड के इतिहास में एक अत्यंत महत्वपूर्ण दिन है. राज्य सरकार ने प्रदेश की जनता से समान नागरिक संहिता लागू करने का जो वादा किया था, उसे पूरी प्रतिबद्धता और संकल्प के साथ पूरा किया गया है.
सीएम धामी ने कहा आज का दिन उत्तराखंड के साथ ही संपूर्ण भारत के संवैधानिक, सामाजिक और राजनीतिक इतिहास में युगांतकारी क्षण के रूप में हमेशा याद किया जाता रहेगा.
सीएम धामी ने कहा बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर समेत सभी संविधान निर्माताओं ने संविधान में एक समान कानून का उल्लेख किया था. सीएम धामी ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में हमने 2022 के दृष्टिपत्र में इस कानून को लागू करने का संकल्प लिया था. जिसे हमने लागू किया है.
धामी ने कहा इस कानून में लीव इन रिलेशनशिप के लिए भी पंजीकरण को अनिवार्य किया गया है. जिसमें सभी की जानकारी को गोपनीय रखा जा रहा है. उन्होंने कहा हमारी सरकार धर्म के आधार पर मातृशक्ति के साथ होने वाले शोषण को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी.इसके बाद सीएम धामी ने UCC (समान नागरिक संहिता) के प्रथम वर्षगांठ 2026 समारोह पर सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की ओर से आयोजित फोटो गैलरी का निरीक्षण किया .









