काशीपुर के किसान आत्महत्या मामले में मृतक द्वारा वायरल वीडियो में गंभीर आरोप लगाने के बाद एसएसपी मणिकांत मिश्रा की सख्त कार्रवाई सामने आई है. एसएसपी ने लापरवाही पर थाना आईटीआई एसओ और उपनिरीक्षक को निलंबित किया है, जबकि चौकी पैगा की पूरी टीम को लाइन हाजिर किया गया है.
हल्द्वानी के काठगोदाम थाना क्षेत्र के गौलापार एक होटल में आत्महत्या करने से पूर्व मृतक किसान सुखवंत सिंह द्वारा जारी किए गए वीडियो में कई लोगों के नाम और पुलिस अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए थे. वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी उधम सिंह नगर मणिकांत मिश्रा ने प्रकरण में गंभीर लापरवाही और उदासीनता सामने आने के बाद कड़ा रुख अपनाया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने तत्काल प्रभाव से दो पुलिस अधिकारियों को निलंबित कर दिया, जबकि चौकी पैगा पर तैनात संपूर्ण पुलिस टीम को लाइन हाजिर किया गया है.
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने साफ संदेश दिया है कि पुलिस कार्यप्रणाली में किसी भी प्रकार की लापरवाही, संवेदनहीनता या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतों और गंभीर मामलों में त्वरित व निष्पक्ष कार्रवाई पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें कोताही बरतने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे.
वहीं इस घटना पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए हैं. जांच कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत को सौंपी गई है.










