रुद्रपुर: राज्य के प्रत्येक स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के गांव में सेनानी भवन बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बृहस्पतिवार को रुद्रपुर पंडित राम सुमेर शुक्ल की 47 वीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में यह घोषणा की। उन्होंने राम सुमेर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनको श्रद्धांजलि देने के साथ विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया।
रुद्रपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सीएम ने कहा कि आज हम सब एक ऐसे व्यक्ति की स्मृति में एकत्र हुए हैं जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, जनसेवा और समाज के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। पंडित राम सुमेर शुक्ल राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में आगामी सत्र से इंटरमीडिएट की कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी। किच्छा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का उच्चीकरण कर उप जिला चिकित्सालय बनाया जाएगा। इसके अलावा लालपुर-नगला मोटरमार्ग से आंबेडकर कॉलोनी तक सड़क का डामरीकरण होगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वर्ष 2003 में प्रदेश में एनडी तिवारी की सरकार में प्रधानमंत्री अटल विहारी बाजपेयी ने पंतनगर सिडकुल को 300 करोड़ का विशेष पैकेज दिया था। दूसरी बार औद्योगिक क्षेत्र में बड़ी क्रांति 2023 में हुई जब तीन लाख 56 हजार करोड़ रुपये के निवेशों पर समझौते हुए। एक लाख करोड़ से अधिक की योजनाएं ग्राउंड पर आ गईं। नीति आयोग के इनडेक्स पर उत्तराखंड पहले स्थान पर आया है। खनन में नई नीति से राजस्व एक साल में बढ़कर 1200 करोड़ से अधिक हो गया। भारत सरकार ने उत्तराखंड को खनन क्षेत्र में अच्छा काम करने के लिए दो बार 100-100 करोड़ की प्रोत्साहन राशि दी है।









