केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को गुजरात के साधली, बड़ाेदरा में सरदार@150 यूनिटी मार्च के तहत आयोजित ‘सरदार गाथा’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
धामी ने भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल को सभी उत्तराखंडवासियों की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित की।इस मौके पर उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी अदम्य इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और समर्पण से अखंड भारत का सपना साकार किया।
सीएम ने कहा कि सरदार पटेल ने संवाद, प्रेम, दृढ़ता और निर्भीकता का परिचय देते हुए 562 रियासतों का भारत में विलय कर आधुनिक भारत की नींव रखी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सरदार पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाने का निर्णय, उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के मंत्र के साथ देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय गौरव को नई ऊँचाइयों पर पहुँचाया जा रहा है।










