पटना: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान को लेकर चुनाव प्रचार अब आखिरी दौर में पहुंच गया है. सभी राजनीतिक दलों ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत लगा दी है. लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज चुनाव प्रचार करने के लिए भागलपुर पहुंचे, जहां उन्होंने बिहार की वर्तमान एनडीए सरकार पर बिहार को मजदूर का प्रदेश बनाने का आरोप लगाया. उन्होंने बिहार में उद्योग धंधे फिर से स्थापित होने के लिए महागठबंधन की सरकार के पक्ष में मतदान करने की लोगों से अपील की.
भागलपुर में महागठबंधन के सभी उम्मीदवारों के पक्ष में चुनाव प्रचार करने पहुंचे राहुल गांधी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव का फिर से जिक्र किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि हरियाणा में 2 करोड़ वोटर हैं, वोटर लिस्ट में 25 लाख से ज्यादा फर्जी वोटर थे. हरियाणा में चुनाव आयोग की लिस्ट में आठ में से एक वोटर फर्जी था. बीजेपी के लोग उत्तर प्रदेश में रहते हैं, उत्तर प्रदेश में वोट देते हैं और चुनाव के समय वही लोग हरियाणा में भी वोट देते हैं.
राहुल गांधी ने कहा कि महाराष्ट्र चुनाव में, मध्य प्रदेश के चुनाव में, छत्तीसगढ़ के चुनाव में वोटों की चोरी की और अभी इन लोगों की पूरी कोशिश है कि बिहार में भी वोटों की चोरी करके सरकार बना लें.
राहुल गांधी ने लोगों को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि क्या बिहार में बीजेपी की सरकार ने किसानों का कर्ज माफ किया, क्या मखाना के किसानों का कर्ज माफ हुआ क्या, बिहार के बुनकर गरीब लोगों का कर्ज माफ हुआ क्या.
भागलपुर के लोगों से किया वादा: राहुल गांधी ने भागलपुर के मंच से लोगों को वादा किया कि हमारी सरकार बनेगी तो अति पिछड़ों की सरकार, दलितों की सरकार, गरीब स्वर्ण की सरकार बनेगी. इसमें युवाओं की आवाज सुनी जाएगी. हमारी सरकार में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर काम होगा. राहुल गांधी ने कहा कि एक समय था जब बिहार में नालंदा विश्वविद्यालय था जो दुनिया की नंबर एक की यूनिवर्सिटी थी, लेकिन आज बिहार में पेपर लीक होता है. मेरा वादा है कि जैसे ही इंडिया गठबंधन की सरकार दिल्ली में बनेगी तो सबसे पहले विश्व स्तर का नालंदा यूनिवर्सिटी बिहार में बनेगा.










