मोतिहारी: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मोतिहारी में चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और आरजेडी पर जमकर हमला बोला. शाह ने कहा कि, केवल नीतीश और मोदी ही बिहार में ‘जंगल राज’ को रोक सकते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि, लालू और राहुल गांधी घुसपैठियों के लिए रास्ता बनाने की कोशिश कर रहे हैं.
बिहार में शहाबुद्दीन जैसे बाहुबली पैदा नहीं हो सकते: अमित शाह ने कहा कि, लालू प्रसाद के बेटे ने नारा लगाया था शहाबुद्दीन जी अमर रहे और उनके बेटे को टिकट दी. शाह ने लालू प्रसाद को चुनौती देते हुए कहा कि, उनकी तीन पीढ़ी भी आ जाए तब भी बिहार में शहाबुद्दीन जैसे बाहुबली पैदा नहीं हो सकते।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आगे कहा कि, मोदी और नीतीश ने 1 करोड़ 41 लाख जीविका दीदियों के बैंक खातों में 10 हजार रुपये डालने का काम किया है.उन्होंने कहा कि, लालू यादव कहते हैं कि वह जीविका दीदियों से ये 10 हजार रुपये वापस ले लेंगे. उन्होंने जोर देकर कहा कि, वे मोतिहारी की जीविका दीदियों को आश्वासन देते हैं कि, लालू यादव की चार-चार पीढ़ी भी आ जाए, लेकिन उनके 10 हजार रुपये वापस नहीं ले सकते हैं.
शाह ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि, केंद्र में 10 साल तक मनमोहन सिंह का शासन रहा लेकिन बिहार में वे सिर्फ 5 ही बार आए. जबकि पीएम मोदी ने अपने 10 साल के शासन में बिहार में 55 बार आए हैं. उन्होंने कहा कि, 10 साल में मनमोहन-सोनिया सरकार ने (2004-14) में बिहार के लिए सिर्फ 2 लाख, 80 हजार करोड़ रुपए भेजा. जबकि नरेन्द्र मोदी ने 10 साल में 18 लाख, 70 हजार करोड़ रुपए भेजने का काम किया है.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को कहा कि अवैध बांग्लादेशी घुसपैठिए नौकरियां छीन रहे हैं और देश की सुरक्षा के लिए खतरा पैदा कर रहे हैं. उन्होंने जोर देकर कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव इस पूर्वी राज्य को घुसपैठिया मुक्त बनाने के लिए है.










