बिहार चुनाव- लखीसराय में डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के काफिले पर हमला, चप्पल फेंकी.. लगे मुर्दाबाद के नारे, सिन्हा ने कहा”ये RJD के गुंडे”

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखीसराय: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के मतदान के बीच लखीसराय जिले में तनावपूर्ण घटना ने राजनीतिक हलकों में हंगामा मचा दिया. उपमुख्यमंत्री और लखीसराय विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार विजय कुमार सिन्हा के काफिले पर कथित तौर पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) समर्थकों ने हमला बोल दिया.

 बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा के वाहन को कुछ लोगों ने खोरियारी गांव में घेर लिया. इस दौरान उनपर चप्पलें, पत्थर और गोबर फेंके गए, जबकि ‘विजय सिन्हा मुर्दाबाद’ के नारे गूंजते रहे. घटनास्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था, लेकिन स्थिति को तुरंत नियंत्रित करने में देरी हुई. सिन्हा ने इसे ‘जंगलराज की वापसी’ बताते हुए RJD पर गुंडागर्दी का आरोप लगाया है.

विजय कुमार सिन्हा अपने निर्वाचन क्षेत्र के खोरियारी गांव में मतदान केंद्रों का जायजा लेने पहुंचे थे. वे बूथ नंबर 404 और 405 के आसपास दोपहर करीब 12 बजे के आसपास 50-60 की संख्या में कथित तौर पर RJD समर्थक इकट्ठा हो गए. उन्होंने विजय सिन्हा के वाहन को घेर लिया और आगे बढ़ने से रोक दिया. इस दौरान भीड़ ने चप्पलें फेंकीं, पत्थर चलाए और गोबर तक निशाना बनाया.

घटना के तुरंत बाद उपमुख्यमंत्री सिन्हा ने पुलिस अधीक्षक से फोन पर बात की और जिला प्रशासन पर निशाना साधा. उन्होंने कहा,

“ये RJD के गुंडे हैं. एनडीए सत्ता में आ रही है, इसलिए ये गुंडागर्दी कर रहे हैं. इन्होंने मेरे पोलिंग एजेंट को भगा दिया और उसे वोट डालने नहीं दिया. बूथ कैप्चर करने की कोशिश हो रही है.” – विजय सिन्हा, डिप्टी सीएम, बिहार

विजय सिन्हा ने आगे कहा, “सत्ता में आए बिना ही ये गुंडे बिहार के उपमुख्यमंत्री को गांव में घुसने नहीं दे रहे. यहां के एसपी कायर और कमजोर हैं, जो कह रहे हैं कि शांतिपूर्ण मतदान हो रहा है. अगर ऐसी कोई घटना दोबारा हुई तो हम यहीं धरना देंगे. ऐसे प्रशासन पर धिक्कार है. इनकी छाती पर बुलडोजर चलेगा.” उन्होंने चुनाव आयोग से तत्काल कार्रवाई की मांग की और कहा कि यह ‘जंगलराज’ का ट्रेलर है.

 

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial