श्रीनगर: बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने कहा कि जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करना देश और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘सर्वसम्मत’ इच्छा है, लेकिन उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इसके लिए सामान्य स्थिति बनानी होगी. वह डल झील के किनारे एसकेआईसीसी में ‘जम्मू और कश्मीर में शांति, लोग और संभावनाओं’ पर दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी में भाग लेने के लिए श्रीनगर आये थे.
उन्होंन कहा कि “देश में हर किसी और प्रधानमंत्री की यही इच्छा है कि राज्य का दर्जा बहाल हो. हालांकि, हमें इसके लिए सामान्य स्थिति बनानी होगी. हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि कानून का सामान्य शासन उसी तरह लागू हो जैसा कि अन्य जगहों पर होता है.”
आरिफ मोहम्मद खान ने कहा कि कोरोना वायरस एक खास जगह पर पैदा हुआ था, लेकिन इसने पूरी दुनिया को तबाह कर दिया. इसी तरह, उपद्रवियों से पैदा हुआ खतरा सिर्फ़ कश्मीर की चिंता का विषय नहीं है. यह सबकी चिंता है. जम्मू-कश्मीर को देश का मुकुट बताते हुए उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्य है कि कश्मीर को दर्दनाक स्थिति से गुजरना पड़ा.
राज्यपाल ने कहा, “बंटवारे की कीमत कई लोगों ने चुकाई, लेकिन सबसे ज़्यादा कीमत कश्मीर को चुकानी पड़ी. अक्सर निर्दोष लोग ही मुसीबत का शिकार होते हैं. यह प्रकृति का नियम है कि जब फितना फैलता है तो निर्दोष लोगों को भी कष्ट सहना पड़ता है.










