श्रीनगर : पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) ने गुरुवार को सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) को एक दिन बाद होने वाले राज्यसभा चुनाव में समर्थन देने की घोषणा की.
इस संबंध में पार्टी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने मीडिया से कहा, ‘‘हमने नेकां को समर्थन देने और उनके उम्मीदवारों को वोट देने का फैसला किया है.’’ महबूबा ने कहा कि भाजपा को जीत से दूर रखने के लिए यह फैसला लिया गया है.
पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ़्ती ने कहा, “वे (नेशनल कॉन्फ्रेंस) भरोसे के लायक नहीं हैं, यहां तक कि उन्हें वोट देने के भी लायक नहीं हैं. लेकिन क्योंकि हमारा लक्ष्य बड़ा है… जम्मू-कश्मीर के अधिकारों की रक्षा के लिए मिलकर काम करना, और क्योंकि इंडिया अलायंस आज एक बहुत ही गंभीर लड़ाई लड़ रहा है, इसलिए हमने उन्हें (आगामी राज्यसभा चुनावों में) वोट देने का फैसला किया है…”
महबूबा ने कहा, “हम चाहते हैं कि हमारे तीन वोट तीसरी वरीयता में डाले जाएं, यानी शम्मी ओबेरॉय के लिए. लेकिन हम चौथी वरीयता में अपना वोट नहीं डालना चाहते क्योंकि अगर वे (नेशनल कॉन्फ्रेंस) यह चौथी सीट हार गए, तो वे पीडीपी को दोषी ठहराएंगे…”










