सीएम धामी ने स्थानीय दुकानों से की दीपावली की खरीदारी, वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा देने की अपील

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने दीपावली पर देहरादून के चकराता रोड की स्थानीय दुकानों से मिट्टी के दीये, बर्तन एवं अन्य पारंपरिक स्वदेशी सामानों की खरीदारी की. इस अवसर पर सीएम धामी ने स्थानीय दुकानदारों, कुम्हारों और हस्तशिल्पकारों से बातचीत भी की. साथ ही उन्हें पारंपरिक कलाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया.

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने दीपावली की खरीदारी के दौरान डिजिटल भुगतान के माध्यम से सामान खरीदा और आम जनता से भी आग्रह किया कि वे अधिक से अधिक स्थानीय उत्पादों और स्वदेशी वस्तुओं की खरीदारी करें, जिससे छोटे व्यवसायियों, कारीगरों और स्वावलंबी भारत के संकल्प को मजबूती मिल सके.

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दीप पर्व प्रकाश और समृद्धि का प्रतीक है. इस शुभ अवसर पर हमें अपने देश के कारीगरों और स्थानीय उद्यमियों को प्रोत्साहित करना चाहिए. स्वदेशी उत्पादों की खरीद न केवल हमारी परंपरा को जीवित रखती है, बल्कि ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को भी सशक्त बनाती है.

दीपावली की खरीदारी के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने चकराता रोड पर स्थित दुकानदारों से खुलकर बातचीत भी की. दुकानदारों ने मुख्यमंत्री को बताया कि इस साल जीएसटी की कम दरों के कारण सामान सस्ता हुआ है, जिससे बिक्री पिछले वर्षों की तुलना में अधिक रही है.

मुख्यमंत्री ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि इस बार दीपावली के दौरान व्यापार में बढ़ोतरी हुई है. उन्होंने कहा कि यह परिवर्तन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के ‘स्वदेशी अपनाओ’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ के आह्वान का भी परिणाम है, जिसके चलते लोगों ने स्थानीय दुकानदारों से अधिक से अधिक खरीदारी की है.

उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि इस दीपावली पर घरों को स्वदेशी मिट्टी के दीयों से रोशन करें और भारतीय परंपरा व संस्कृति की खुशबू को अपने उत्सवों का हिस्सा बनाएं. मुख्यमंत्री की इस पहल से स्थानीय व्यापारियों और दुकानदारों में खुशी देखने को मिली.

वहीं आज विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी, राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत व सौरभ बहुगुणा, विधायक मुन्ना सिंह चौहान, किशोर उपाध्याय, विनोद कंडारी, आदेश चौहान और आशा नौटियाल ने मुख्यमंत्री आवास जाकर सीएम धामी से मुलाकात कर दीपावली की शुभकामनाएं दी.

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial